मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर पूर्व सांसद सर्वेश समर्थित संजना सैनी की जीत
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। शनिवार को ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव कड़ी सुरक्षा में मतदान हुआ। जिसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. वीर सिंह सैनी की पत्नी संजना सैनी ने 80 मत प्राप्त कर ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। उनकी प्रतिद्वंदी बीजेपी के जिलाध्यक्ष द्वारा घोषित पार्टी उम्मीदवार संतोष देवी को मात्र …
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। शनिवार को ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव कड़ी सुरक्षा में मतदान हुआ। जिसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. वीर सिंह सैनी की पत्नी संजना सैनी ने 80 मत प्राप्त कर ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा कर लिया। उनकी प्रतिद्वंदी बीजेपी के जिलाध्यक्ष द्वारा घोषित पार्टी उम्मीदवार संतोष देवी को मात्र 20 वोट ही मिल सके।
इस प्रकार संजना सैनी ने बीजेपी उम्मीदवार को 50 मतों के भारी अन्तर से पराजित कर उन्हें करारी शिकस्त दी। ठाकुरद्वारा ब्लॉक के प्रमुख पद के चुनाव में सभी 104 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाग लिया। इनमें से 80 ने संजना सैनी पत्नी डॉ. वीर सिंह सैनी को, 22 ने संतोष देवी पत्नी फतेह सिंह को अपना मत दिया।
2 मत निरस्त किये गये। सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद हुई मतगणना मे संजना सैनी को ठाकुरद्वारा का प्रमुख घोषित कर दिया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों मे खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने आतिशबाजी छोड़कर और मिठाइयां बांट कर अपनी खुशी का इजहार किया।
जीत के बाद संजना सैनी ने अपने पति डॉ. वीर सिंह सैनी के साथ पूर्व सांसद के चरण छू कर उनका आशीर्वाद लिया और विजयी बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ठाकुर अजय प्रताप सिंह, राकेश चौहान, गजेंद्र सिंह, नवीन कुमार शर्मा, पंकज भारद्वाज, पूर्व प्रधान नरेंद्र पाल सिंह, पंकज गुप्ता, बिजनौर के पूर्व सांसद शीश राम रवि आदि मौजूद थे।
बीजेपी के जिलाध्यक्ष पर जमकर बरसे पूर्व सांसद सर्वेश सिंह, लगाया पार्टी मे गुटबाजी करने का आरोप
ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अपनी समर्थित उम्मीदवार संजना सैनी की जीत के बाद बीजेपी के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह पार्टी के जिलाध्यक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान पर पार्टी में गुटबाजी करने का आरोप लगाया।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद पशुपति गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व सांसद ने कहा कि क्षेत्र मे बीजेपी में कोई गुटबाजी नहीं है। लेकिन, जिलाध्यक्ष पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजना सैनी निर्विरोध निर्वाचित हो जाती। लेकिन, जिलाध्यक्ष ने अपना उम्मीदवार खड़ा कर गुटबाजी की कोशिश की।
निर्दलीय प्रत्याशी संजना सैनी की जीत मंडल में सबसे अधिक 58 के अन्तर से सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष ने 10 माह पहले भूमि विकास बैंक के चुनाव में जिस उम्मीदवार को खड़ा किया था। उसकी करारी हार हुई थी, जबकि उनके समर्थित उम्मीदवार सहदेव यादव की बड़ी जीत हुई थी।
प्रमुख चुनाव में सतर्क रहा पुलिस प्रशासन
ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। ब्लॉक कार्यालय के चारों तरफ सुरक्षा का कड़ा पहरा था। ठाकुरद्वारा ब्लॉक पर करीब 15 वर्ष पूर्व प्रमुख के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के दौरान दो गुटों में जमकर गोलियां चली थीं।
तभी से प्रशासन ब्लॉक पर कोई भी गतिविधियों के होने पर पुलिस प्रशासन अलर्ट पर आ जाता है। इसी कारण प्रमुख चुनाव के मतदान में कड़ी सतर्कता बरती गई। ब्लॉक कार्यालय आने वाले सभी रास्तों को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक सील कर दिया गया। ब्लॉक के चारों तरफ चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थीं।
बिना अनुमति के किसी को भी ब्लॉक कार्यालय तक नहीं जाने दिया गया। एडीएम प्रशासन,एसपी देहात, एसडीएम परमानंद सिंह, सीओ डॉ. अनूप सिंह की देख-रेख मे स्थित पर कड़ी नजर रखी गई। डीएम, चुनाव पर्यवेक्षक अवधेश तिवारी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। दोनो उम्मीदवारों के मतदाताओं को अंदर जाने के लिए अलग अलग रास्ते तय किये गये थे
