बरेली: नए प्रधानों की कुंडली तैयार करेगा पंचायती राज विभाग
बरेली, अमृत विचार। जनपद में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की पंचायत राज विभाग कुंडली तैयार कर रहा है। पंचायती राज विभाग की निदेशक किंजल सिंह के आदेश पर डीपीआरओ ने इस संबंध में सभी ब्लॉक के खंड विकास अधिकारियों को पत्र भेजकर प्रधानों का नाम, पता समेत 10 सूचनाएं मांगी हैं। जारी आदेश में कहा है …
बरेली, अमृत विचार। जनपद में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की पंचायत राज विभाग कुंडली तैयार कर रहा है। पंचायती राज विभाग की निदेशक किंजल सिंह के आदेश पर डीपीआरओ ने इस संबंध में सभी ब्लॉक के खंड विकास अधिकारियों को पत्र भेजकर प्रधानों का नाम, पता समेत 10 सूचनाएं मांगी हैं।
जारी आदेश में कहा है कि प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए हैं कि जो नए प्रधान चुने गए हैं, उनकी सूचना अगले तीन दिन में भेज दी जाएं। इधर, विभागीय कर्मियों का कहना है कि दो मई को मतगणना के बाद चुने गए प्रधानों का खाका तैयार किया जा रहा है। मांगी गई सूचना में ग्राम पंचायत का नाम, प्रधान का नाम, उनकी वास्तविक उम्र, लिंग, शैक्षिक योग्यता, व्यवसाय, प्रधान पद पर कितनी बार चुनाव लड़ चुके हैं।
अब तक कितनी बार प्रधान पद पर निर्वाचित हुए। इसके अलावा मोबाइल नंबर व उनकी ईमेल आइडी मांगी गई है। सभी प्रधानों को स्मार्ट फोन भी रखने को कहा गया है। इधर, डीपीआरओ के पत्र पर बीडीओ प्रधानों की सभी सूचनाएं पंचायत सचिव के माध्यम से तैयार करवा रहे हैं।
डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नव निर्वाचित प्रधानों की 10 बिंदुओं पर सूचना मांगी गई है। इसमें नए निर्वाचित प्रधान का नाम, उम्र, शैक्षिक योग्यता के बारे में तो जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही उनका कॅरियर क्या रहा है, उन्होंने राजनीति के अलावा भी कुछ किया है। कितने प्रयास में प्रधान बने और कितनी बार प्रधान बने, इसके बारे में भी पता किया जाएगा। प्रधान की फोटो भी मांगी गई है। जल्द ही इसे निदेशालय में भेजा जाएगा। इतना ही नहीं अब प्रधानों को स्मार्ट फोन के साथ ईमेल आईडी भी बनानी होगी।
