लखीमपुर-खीरी: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, छह घंटे बाद पत्नी ने दिया बेटी को जन्म
गोलागोकर्णनाथ/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। रविवार की देर शाम नगर की मोहम्मदी रोड पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक युवक को टक्कर मार दी। भीषण टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखीमपुर जाते समय युवक …
गोलागोकर्णनाथ/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। रविवार की देर शाम नगर की मोहम्मदी रोड पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक युवक को टक्कर मार दी। भीषण टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखीमपुर जाते समय युवक की रास्ते में ही मौत हो गई। युवक की मौत के 6 घंटे बाद ही उसकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया।
नगर के मोहल्ला मुन्नू गंज वार्ड नंबर 21 निवासी राजू (25) पुत्र पुत्तन रविवार की देर शाम मोहम्मदी रोड सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के पास दूध लेने के लिए गया था। दूध लेकर रोड पर आया कि मोहम्मदी की तरफ से तेज रफ्तार आ रही एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक पर तीन लोग सवार थे।

टक्कर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। युवक बाइक छोड़कर भाग गए । आसपास के लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा के उपरांत गंभीर हालत होने के कारण उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। राजू की मौत होने के 6 घंटे बाद ही उसकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया है। इसे नसीब का खेल ही कहेंगे कि 6 घंटे पहले पिता की मौत हुई और 6 घंटे बाद बेटी का जन्म हुआ।
मृतक की मां नाजिमा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। सवार युवकों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेज दिया गया है।
