बरेली: पोर्टल पर दस्तावेज अपडेट नहीं तो रुकेगा वेतन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में मानव संपदा पोर्टल पर शैक्षिक दस्तावेज अपलोड न करने वाले शिक्षकों का वेतन, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय रोक लिया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिले में जिन शिक्षक, शिक्षमित्र और अनुदेशकों के दस्तावेज अपलोड नहीं हुए हैं, उनके दस्तावेजों को जल्द ही अपलोड …

बरेली, अमृत विचार। जिले में मानव संपदा पोर्टल पर शैक्षिक दस्तावेज अपलोड न करने वाले शिक्षकों का वेतन, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय रोक लिया जाएगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को जिले में जिन शिक्षक, शिक्षमित्र और अनुदेशकों के दस्तावेज अपलोड नहीं हुए हैं, उनके दस्तावेजों को जल्द ही अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं। शैक्षिक दस्तावेजों में हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट अपलोड करना जरूरी है। जिले में करीब डेढ़ सौ से अधिक शिक्षकों का डाटा मानव संपदा पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है।

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पिछले वर्ष शिक्षकों के अभिलेखों को मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए गए थे। लेकिन जिले में कई शिक्षकों ने पोर्टल पर अपने दस्तावेजों को दर्ज नहीं कराया है। उन शिक्षकों की लापरवाही को देखते हुए विभाग ने बीएसए को जल्द से जल्द पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड कराने से वंचित शिक्षकों को निर्देश देने को लेकर पत्र जारी किया है।

बीएसए विनय कुमार ने बताया कि हाईस्कूल व इंटर की मार्कशीट पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। अगर पोर्टल पर हाईस्कूल और इंटर की मार्कशीट अपलोड नहीं की गई है। इसके अलावा अन्य सभी दस्तावेज अपलोड कर चुके हैं तो अधूरा माना जाएगा। दस्तावेज अपलोड न करने वाले शिक्षकों का वेतन, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय रोक दिया जाएगा।

बीएसए ने बताया कि नौकरी के दौरान कई बार उम्र को लेकर शिकायतें व आपत्तियां आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मार्कशीट को अनिवार्य श्रेणी में रखा गया है। जिले में करीब डेढ़ सौ से अधिक शिक्षकों का डाटा मानव संपदा पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है। कुछ शिक्षक, अनुदेशक व शिक्षामित्र ऐसे हैं, जिनके अन्य प्रमाण-पत्र तो पोर्टल पर अंकित हैं लेकिन मार्कशीट न होने से अधूरा माना जा सकता है।

संबंधित समाचार