बरेली: प्रत्येक ब्लाक के पांच गांवों को मॉडल बनाएगा कृषि विभाग
बरेली, अमृत विचार। खेती-किसानी के प्रति लोगों की रुचि के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में शासन के निर्देश पर कृषि विभाग जिले के समस्त 15 ब्लॉकों में पांच-पांच गांव को मॉडल के रूप में विकसित करेगा। विभाग ने इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी …
बरेली, अमृत विचार। खेती-किसानी के प्रति लोगों की रुचि के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में शासन के निर्देश पर कृषि विभाग जिले के समस्त 15 ब्लॉकों में पांच-पांच गांव को मॉडल के रूप में विकसित करेगा। विभाग ने इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
कोरोना की वजह से उपजे हालात से आर्थिक रूप से परेशान किसानों की फसल उत्पादन में लागत कम करने, अनावश्यक उर्वरक प्रयोग से होने वाली मृदा तत्वों की हानि रोकने और उनको जागरूक करने के लिए कृषि विभाग ने नई योजना पर काम शुरू किया है। योजना के तहत प्रत्येक ब्लॉक पर पांच-पांच गांव यानी 75 गांवों को मॉडल के रूप में तैयार किया जाएगा।
कवायद सफल हो इसके लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर कृषि विभाग गांवों का चयन कर क्लस्टर प्रदर्शन के माध्यम से रबी व खरीफ सीजन में खेती कराते हुए किसानों को आधुनिक विधि से खेती में प्रोत्साहित करेगा। उप निदेशक कृषि अशोक कुमार यादव का कहना है ब्लॉकवार मॉडल गांव का चयन करने, चयनित गांवों में जोत आधारित नमूने एकत्र कर गांव में वैज्ञानिक कृषक संवाद कार्यक्रम के साथ आधुनकि विधि से खेती कराते हुए किसानों की फसल उत्पादन को बढ़ाने की योजना बनी है।
इसके अतिरिक्त चयनित गांवों में मेला/प्रदर्शनी आयोजित कर किसानों को आधुनिक खेती के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। जिन गांवों का चयन होगा, उनमें विभागीय योजनाओं में किसानों का चयन कर क्षेत्रीय पंजीकृत केंद्र से उर्वरक और कार्र्बनिक खाद, मृदा सुधारक, जैव उर्वरक व सूक्ष्म पोषक तत्वों के साथ कृषि व अन्य विभागीय योजनाओं के अनुदान से उन्हें लाभान्वित भी किया जाएगा।
