मुरादाबाद : क्रेटा कार न मिलने पर नहीं लाए बारात, शादी से किया इनकार
मुरादाबाद,अमृत विचार। क्रेटा कार न मिलने पर वर पक्ष बारात ही नहीं लाया। शादी की पूरी तैयारी करके वधू पक्ष इंतजार ही करता रहा। बाद में पंचायत भी हुई लेकिन बात नहीं बनी। आरोपी मंगनी व शादी के दिन हुआ खर्च भी देने को तैयार नहीं है। पीड़ित ने एएसपी देहात से न्याय की गुहार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। क्रेटा कार न मिलने पर वर पक्ष बारात ही नहीं लाया। शादी की पूरी तैयारी करके वधू पक्ष इंतजार ही करता रहा। बाद में पंचायत भी हुई लेकिन बात नहीं बनी। आरोपी मंगनी व शादी के दिन हुआ खर्च भी देने को तैयार नहीं है। पीड़ित ने एएसपी देहात से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने मैनाठेर पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया है।
थानाक्षेत्र के गांव ताहरपुर निवासी रजाबुल हुसैन के अनुसार सात माह पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की मंगनी भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव सिरसवां दोराहा निवासी युवक के साथ तय की थी। मंगनी की रस्म से ईद की त्योहारी एवं दिन रखने तक के सभी कार्यक्रमों ने उन्होंने करीब 14 लाख रुपये नकद, कपड़े और पांच तोले सोने के जेवर दिए थे।
पीड़ित के अनुसार 21 जून को बारात आनी थी, लेकिन आठ जून को ही उनके होने वाले दामाद ने फोन पर क्रेटा कार की मांग की। साथ ही धमकी दी कि यदि क्रेटा कार नहीं मिली तो वह बारात नहीं लायगा। यह सुनते ही पीड़ित के होश उड़ गए। उसने बिरादरी के जिम्मेदार लोगों को एकत्र करके उन लोगों को समझाने का प्रयास किया। तय तारीख पर उन्होंने बारात की पूरी तैयारियां कर लीं लेकिन वह फिर भी बारात नहीं लाए। इस पर पीड़ित ने थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
रविवार को पीड़ित ने इस संबंध में अपने घर पर ही पंचायत बुलाई थी। उसके होने वाले समधी भी 10-12 लोगों के साथ आए। आरोप है उन्होंने भरी पंचायत में पीड़ित को गालियां दीं और मारपीट की। इतना ही नहीं मंगनी आदि में खर्च किए गए उसके 14 लाख रुपये और पांच तोला सोना भी देने से साफ मना कर दिया। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मैनाठेर पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया है।
