भारी सुरक्षा के बीच लखनऊ से सीतापुर जेल में शिफ्ट किए गए आजम खां व अब्दुल्ला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। जिला कारागार से लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज कराने गए कोविड-19 पॉजिटिव सांसद व सपा नेता आजम खां मंगलवार को वापस फिर सीतापुर जेल शिफ्ट कर दिए गए हैं। साथ में उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम भी सीतापुर जेल लाए गए हैं। यह दोनों लोग सीतापुर जेल में रहते हुए कोरोना पॉजिटिव हो गए …

सीतापुर। जिला कारागार से लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में इलाज कराने गए कोविड-19 पॉजिटिव सांसद व सपा नेता आजम खां मंगलवार को वापस फिर सीतापुर जेल शिफ्ट कर दिए गए हैं। साथ में उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम भी सीतापुर जेल लाए गए हैं। यह दोनों लोग सीतापुर जेल में रहते हुए कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। जिसके चलते इन लोगों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 2 माह 3 दिन मेदांता में इलाजरत रहने के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर मंगलवार को वापस ले आया गया है। इनको लेने के लिए पुलिस लाइन से भारी पुलिस फोर्स मंगलवार की सुबह लखनऊ के लिए रवाना हुआ था। दोपहर करीब 12:30 बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामपुर के सांसद आजम खान को सीतापुर जेल लाया गया है।

यहां भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। एसडीएम सदर अमित भट्ट, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह, इंस्पेक्टर टीपी सिंह सहित भारी पुलिस बल ने आजम की वापसी को लेकर जेल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया था। आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम को एंबुलेंस से सीतापुर लाया गया। एंबुलेंस को सीधे जेल का गेट खोल कर अंदर ले जाया गया। जहां उन्हें एंबुलेंस से उतारकर तनहाई की बैरक नंबर एक में शिफ्ट कर दिया गया है। जेल पहुंचने पर यहां के चिकित्सक उनके स्वास्थ्य को लेकर नजर रख रहे हैं।

जेल प्रशासन भी चौकन्ना है। जेल सूत्रों का कहना है कि आजम खां को यहां ले आया गया है, लेकिन उनका इलाज यहां भी जारी रहेगा। उनके स्वास्थ्य को काफी लाभ है, इसके बावजूद भी अभी इलाज की और जरूरत पड़ेगी। जेलर आरएस यादव का कहना है कि आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम को 9 मई 2021 को जिला कारागार से कोविड-19 पॉजिटिव होने पर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भेजा गया था। 2 माह 3 दिन के बाद दोनों लोग वापस सीतापुर जेल लाए गए हैं। उनको तन्हाई बैरक में रखा गया है।

सांसद की जान को खतरा: अराफात
सांसद आजम खां के जिला कारागार लाए जाने के साथ ही उनके एक बेहद करीबी व अधिवक्ता मोहम्मद अराफात कुछ साथियों के साथ सीतापुर जेल पहुंचे थे। मीडिया से मुखातिब होकर अराफात ने कहा कि सांसद की कोविड-19 रिपोर्ट भले ही नेगेटिव आई हो, लेकिन इलाज के दौरान उनकी किडनी में इंफेक्शन हो गया था। जिसका इलाज चल रहा है। अभी उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हो पाया था। इसके बाद भी उन्हें जानबूझकर सीतापुर जेल वापस भेज दिया गया है। उनको अभी कुछ और दिन अच्छे इलाज की जरूरत थी, जो शायद सीतापुर में नहीं मिल पाएगा। यहां इलाज की बेहतर व्यवस्था न होने की वजह से उनको जान का खतरा भी हो सकता है।

संबंधित समाचार