हल्द्वानी: गर्भवती को अस्पताल ला रही 108 के ब्रेक हुए फेल, डैशबोर्ड काटकर चालक को बाहर निकाला
हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम-हैड़ाखान रोड पर प्रसूता और तीमारदारों को लेकर हल्द्वानी आ रही एंबुलेंस का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया। हादसे में चालक, गर्भवती महिला समेत पांच सवार आंशिक रूप से घायल हो गए। घटना में चालक स्टीयरिंग और डैशबोर्ड के बीच बुरी तरह …
हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम-हैड़ाखान रोड पर प्रसूता और तीमारदारों को लेकर हल्द्वानी आ रही एंबुलेंस का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया। हादसे में चालक, गर्भवती महिला समेत पांच सवार आंशिक रूप से घायल हो गए। घटना में चालक स्टीयरिंग और डैशबोर्ड के बीच बुरी तरह फंस गया, चालक करीब आधा घंटे तक वाहन में ही फंसा रहा, क्रेन की मदद से आगे की तरफ से पिचक गई एंबुलेंस के डैशबोर्ड को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।
मंगलवार सुबह हैड़ाखान निवासी एक प्रसूता को 108 से डिलीवरी के लिए हल्द्वानी लाया जा रहा था। काठगोदाम से दो किमी पहले पहाड़ी ढलान पर एंबुलेंस का ब्रेक फेल हो गया। इसका पता चलने पर चालक कमल नयाल के पैरो तले जमीन खिसक गई। चालक सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस को सड़क की दूसरी तरफ ले गया। उसने वाहन को सड़क किनारे की पहाड़ी से टकरा दिया। पहाड़ी से टकराने के बाद एंबुलेंस रुक गई। एंबुलेंस खाई की ओर गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि हादसे में गर्भवती, उसके पति और सास के साथ ही फार्मासिस्ट को हल्की चोट आई। पहाड़ी से टकराने के बाद एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था।
इससे चालक एंबुलेंस में ही फंस गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से एंबुलेंस को तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया। चालक के पैर में गंभीर चोट आई है। एंबुलेंस प्रभारी लोकेश जोशी ने बताया कि चालक ने एंबुलेंस का ब्रेक फेल होने की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है।
पीछे से आ रही बोलेरो ने की मदद
हल्द्वानी। हादसे के बाद पीछे से आ रही बोलेरो चालक ने गर्भवती की मदद की। दुर्घटना के बाद गर्भवती को एंबुलेंस से निकालकर बोलेरो से हल्द्वानी पहुंचाया गया। हादसे में बाल बाल बचे इस परिवार ने बड़ी दुर्घटना टलने पर शुक्र मनाया। बाद में महिला का सकुशल प्रसव हुआ।
