बरेली: फोकस सैंपलिंग से स्वास्थ्य विभाग करेगा तीसरी लहर की रोकथाम
बरेली, अमृत विचार। शासन की ओर से जारी अलर्ट के बाद कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर फोकस सैंपलिंग शुरु करेगा। शासन ने संवेदनशील जिलों की सूची में रहे बरेली में ट्रैकिंग और ट्रेसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग रेलवे जंक्शन, टोल प्लाजा, बस स्टेशनों …
बरेली, अमृत विचार। शासन की ओर से जारी अलर्ट के बाद कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर फोकस सैंपलिंग शुरु करेगा। शासन ने संवेदनशील जिलों की सूची में रहे बरेली में ट्रैकिंग और ट्रेसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग रेलवे जंक्शन, टोल प्लाजा, बस स्टेशनों पर सैंपलिंग के साथ ही संवेदनशील इलाकों में फोकस सैंपलिंग शुरु करेगा। अधिकारियों के अनुसार इसके लिए टीमें गठित कर सैंपलिंग शुरु की जाएगी। वहीं, एहतियातन बाहर से आने वालों यात्रियों की निगरानी के साथ संक्रमित पाए गए लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग होगी।
प्रदेश में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘डेल्टा प्लस’ और ‘कप्पा’ के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। इन्हें कोरोना की दूसरी लहर के लिए जिम्मेदार माने जा रहे वायरस ‘डेल्टा’ और ‘एवाई-1’ का बदला स्वरूप बताया जा रहा है। वायरस के नए स्वरूप से संक्रमित मिले लोग दूसरे राज्यों से लौटे थे।
बाहर से आने वालों की होगी विशेष निगरानी
दूसरे राज्यों खासकर मुंबई, दिल्ली, केरल से आने वालों की प्रमुखता से जांच और उनकी निगरानी के निर्देश टीम को दिए गए हैं। सीएमओ डा. सुधीर गर्ग ने बताया कि सैंपलिंग के लिए टीमें रेलवे जंक्शन, सिटी स्टेशन और इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर तैनात रहेंगी। जीआरपी और आरपीएफ के जवानों का सैंपलिंग में सहयोग लिया जाएगा।
टोल प्लाजा पर संकट, नहीं रुक रहीं बसें
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की रोकथाम में बस चालक अड़चन बन रहे हैं। टोल प्लाजा पर पहुंच रही सैंपलिंग टीम के मुताबिक दिल्ली से आने वाले निजी वाहनों को तो रोककर जांच की जा रही है, मगर रोडवेज बसों के चालक महज पांच से 10 मिनट ही बस रोकते हैं। कई चालक तो बस में कोई भी दिल्ली की सवारी न होने की बात कहकर बस रोकते ही नहीं हैं। इससे सैंपलिंग प्रभावित हो रही है।
गांवों-शहर निगरानी समितियां भी अलर्ट
आशंका है कि कई लोग वाहन बदलकर भी बरेली पहुंच सकते हैं। ऐसे में गांव और शहर में पूर्व में सक्रिय रहीं निगरानी समितियों को फिर से सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रंजन गौतम ने बताया कि समितियों को अपने क्षेत्र में बाहर से आने वाले व्यक्ति की पहचान, उसकी सैंपलिंग कराने और निगरानी करने को कहा गया है।
संक्रमित मिलने पर जांच को भेजेंगे सैंपल
कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में हाल ही में मुंबई, दिल्ली में किसी डेल्टा प्लस, कप्पा वैरिएंट से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने की जानकारी मिलने पर संक्रमित की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाएगी। इसके लिए सैंपल लखनऊ लैब में भेजा जाएगा। शनिवार को संक्रमित मिले मुंबई के व्यक्ति के भी जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए सैंपल लिया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने बताया कि जिले में तीसरी लहर की सतर्कता को देखते हुए शासन की ओर से फोकस सैंपलिंग के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए सैंपलिंग प्रभारी डा. सीपी सिंह को निर्देशित किया है। फोकस सैंपलिंग व अधिक से अधिक वैक्सीनेशन के जरिए जिले में कोरोना की तीसरी लहर के प्रभाव को कम किया जाएगा।
