मुरादाबाद : शराब के लिए पैसे देने से मां ने किया इनकार तो बेटे ने दे दी जान
मुरादाबाद, अमृत विचार। शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर मां-बेटे में विवाद हो गया। दोनों नाराज होकर घर से निकल गए। कुछ दूर जाकर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उधर उसकी मां का भी दिन भर कुछ पता नहीं चला। परिजन दोनों को खोज ही रहे थे, अचानक …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर मां-बेटे में विवाद हो गया। दोनों नाराज होकर घर से निकल गए। कुछ दूर जाकर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उधर उसकी मां का भी दिन भर कुछ पता नहीं चला। परिजन दोनों को खोज ही रहे थे, अचानक युवक के ट्रेन से कट कर जान दे देने की सूचना मिली। इस पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर देर शाम उसकी मां गांव के पास रामगंगा नदी के किनारे भटकती हुई मिल गई।
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मोहब्बतपुर भगवतंपुर निवासी 35 वर्षीय प्रेम सिंह शराब पीने का शौकीन था। अपने इसी शौक के चलते वह घर में आए दिन क्लेश करता रहता था। परिजनों के अनुसार उसने जमीन बेचकर सारा पैसा शराब में उड़ा दिया था। कुछ काम धंधा शुरू करने के लिए एक हफ्ते पहले ही बैंक से 66 हजार रुपये का लोन लिया था। इसमें से भी 20 हजार रुपये वह शराब और दोस्तों में उड़ा चुका था।
इसी को लेकर परिवार में कलह चल रही थी। उसकी मां रामवती सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अगवानपुर रेलवे फाटक के पास चाय का खोखा चलाती है। मंगलवार को प्रेम सिंह मां के पास पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। इस पर उन्होंने शराब के लिए पैसे देने से साफ मना कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। इसके बाद दोनों एक-दूसरे से नाराज होकर खोखा छोड़कर वहां से चले गए।
प्रेम सिंह फाटक से कुछ ही दूर निकला था कि तभी ट्रेन आ गई। मां की डांट से गुस्साए युवक ने अचानक ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अगवानपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पाकर प्रेम सिंह के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। इस दौरान परिजन रामवती की भी तलाश करते रहे।
कई घंटे बाद देर शाम वह गांव के पास ही रामगंगा नदी के किनारे मिल गईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। युवक के बड़े भाई विनोद ने बताया कि प्रेम सिंह ने अपने पीछे गर्भवती पत्नी निखलेश के अलावा दो बेटियां पांच वर्षीया शिवांगी और तीन वर्षीया राधिका हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके पास अब मात्र ढाई बीघा जमीन ही बची है। ऐसे में उसकी पत्नी व बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
