देवरिया: युवक की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में दहशत, एक गिरफ्तार
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां शौच के लिए खेत की तरफ गए युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। मामला रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के तिवई गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और एक आरोपी को हिरासत में …
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां शौच के लिए खेत की तरफ गए युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। मामला रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के तिवई गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस शव को पोसटमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी है।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के तिवई गांव के निवासी राहुल (20) पुत्र शत्रुघ्न प्रसाद इंटर की परीक्षा पास करने के बाद पिता के साथ पेंट पॉलिश का काम करता था। बुधवार की सुबह वह गांव के दक्षिण कुर्ना नाले के किनारे सैयद बाबा मजार के पास स्थित अपने खेत के तरफ शौच के लिए गया था। खेत के बगल में तिवई के बड़ी चखनी टोला के रहने वाले रामप्यारे साहनी के बगीचे में दो युवक पहुंचे और राहुल को बागीचे में बुलाया। वहां पहुंचने पर दोनों युवक उसके साथ मारपीट करने लगे।
राहुल ने विरोध किया तो मनबड़ो ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग शोर सुनकर मौके पहुंचे तो दोनों हमलावर फरार हो गए। लोगों ने इसकी सूचना परिवारवालों को दी। राहुल की हत्या की सूचना से घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों ने रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। रुद्रपुर के प्रभारी कोतवाल बृजेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू को घटनास्थल से कुछ दूरी पर झाड़ियों में से बरामद किया। इसके साथ ही हत्या में शामिल युवक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मृतक की मां कुसुम देवी और छोटा भाई रोहित का रो रो कर बुरा हाल था। मृतक की शादी मदनपुर थाना क्षेत्र के मनियापार गांव में तय हुई थी।
