बदायूं: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, हत्या का आरोप
ओरछी/बदायूं, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के चंदौसी-इस्लामनगर राजमार्ग पर ट्रक की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि उनके साथ का एक युवक मौके पर भाग गया। जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए मृतकों ने राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगाया। परिजन पुलिस के समझाने के बाद भी …
ओरछी/बदायूं, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के चंदौसी-इस्लामनगर राजमार्ग पर ट्रक की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि उनके साथ का एक युवक मौके पर भाग गया। जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए मृतकों ने राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगाया। परिजन पुलिस के समझाने के बाद भी नहीं माने और घंटों तक जाम नहीं खुलने दिया।
जिला संभल के गांव कैथल निवासी लक्ष्मण (25) पुत्र हरिराम, इसी गांव के सुरेंद्र (28) पुत्र शेर सिंह और गांव मई निवासी जाहिद इस्लामनगर के एक कोल्ड स्टोर पर पल्लेदारी का काम करते थे। बुधवार को दोपहर लगभग तीन बजे काम करने के बाद तीनों युवक एक बाइक यूपी 38 सी 6270 से अपने घर वापस जा रहे थे। ओरछी चौराहे से आगे इस्लामनगर रोड पर एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें लक्ष्मण और सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
कोल्ड स्टोर के अन्य कर्मचारी वहां से गुजरे तो दोनों को मृत अवस्था में देख परिवार को सूचना दी। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। इसके बाद फरार युवक की गिरफ्तारी को लेकर परिजन राजमार्ग जाम करने लगे। पुलिसकर्मी पुष्पेंद्र व पंकज मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन कोई हटने को तैयार नहीं था। माहौल देखकर उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया।
बिसौली सीओ विनय चौहान, बिसौली एसडीएम महिपाल सिंह, इस्लामनगर सीओ के अलावा चंदौसी की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी परिजनों को राजमार्ग से हटने को कहा लेकिन परिजन सुनने को तैयार नहीं हुए। परिजनों ने युवकों के साथ आए जाहिद पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब तक जाहिद को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती तब जाम नहीं खोलेंगे।
