बरेली: जंक्शन की सुरक्षा चौकस, ठीक हुई लगेज स्कैनर मशीन
बरेली, अमृत विचार। लखनऊ में आतंकवादी पकड़े जाने के बाद से बरेली में आरपीएफ और जीआरपी की टीमें सतर्क हो गई हैं। आने-जाने वालों लोगों पर नजर रखी जा रही है। लेकिन जंक्शन की सुरक्षा में पहले से खामियां थीं, जिसे अलर्ट जारी होने के बाद अधिकारी सुधारने में लगे हैं। बुधवार को जंक्शन के …
बरेली, अमृत विचार। लखनऊ में आतंकवादी पकड़े जाने के बाद से बरेली में आरपीएफ और जीआरपी की टीमें सतर्क हो गई हैं। आने-जाने वालों लोगों पर नजर रखी जा रही है। लेकिन जंक्शन की सुरक्षा में पहले से खामियां थीं, जिसे अलर्ट जारी होने के बाद अधिकारी सुधारने में लगे हैं। बुधवार को जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगी लगेज स्कैनर मशीन को सुधारने का काम शुरू हुआ। बता दें कि यह मशीन महीनों से खराब पड़ी थी।
मशीन के जरिए स्टेशन आने वाले यात्रियों के सामान को स्कैन किया जाता है। मशीन खराब होने के बाद आरपीएफ के अधिकारियों ने संबंधित विभाग को पत्र लिखकर इसे ठीक कराए जाने के लिए कहा था। मगर महीनों तक लगेज स्कैनर मशीन सफेद हाथी साबित हुई। अब सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी हुआ तो आनन-फानन में अधिकारियों की नींद टूटी और दिल्ली की टीम लगेज स्कैनर को ठीक करने पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि मशीन को शाम तक दुरूस्त कर चालू कर दिया गया था।
38 कैमरे लगे, जिसमें 36 चालू
लगेज स्कैनर मशीन को सुधारने के अलावा जंक्शन पर हर आने-जाने वाले की निगरानी के लिए 38 सीसीटीवी लगाए गए हैं, जिनमें से 36 काम कर रहे हैं। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक विपिन सिसौदिया ने बताया कि स्टेशन की सुरक्षा को दुरुस्त किया जा रहा है। लगेज स्कैनर मशीन खराब थी, जो अब ठीक हो चुकी है। इसके अलावा दो सीसीटीवी खराब हैं, जिनको ठीक कराने के लिए सिग्नल एंड टेली कम्युनिकेशन विभाग को कहा गया है।
