मुरादाबाद : आयुक्त की सख्ती के बाद हरकत में आए सीएमओ, गोल्डन कार्ड बनवाने में आएगी तेजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। जिले में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में सुस्ती पर कमिश्नर की फटकार के बाद सीएमओ हरकत में आ गए हैं। उन्होंने नोडल अधिकारी को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड का प्रतिशत कम होने तथा गलत आंकड़े …

मुरादाबाद,अमृत विचार। जिले में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में सुस्ती पर कमिश्नर की फटकार के बाद सीएमओ हरकत में आ गए हैं। उन्होंने नोडल अधिकारी को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड का प्रतिशत कम होने तथा गलत आंकड़े प्रस्तुत करने पर मंडल के मुख्य चिकित्साधिकारियों के पेच कसे थे। उन्होंने कार्य की प्रगति कम होने व योजना में खामियों को लेकर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया था।

बुधवार को सीएमओ ने सुस्ती बरतने पर योजना से जुड़े कर्मियों को फटकार लगाई। नोडल अधिकारी को जुलाई के अंत तक खामियों को दूर कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इससे अब उम्मीद जगी है कि योजना के पात्रों को जल्द ही गोल्डन कार्ड बनवाने में सुविधा होगी। कार्ड धारकों के उपचार में भी मदद मिलेगी।

आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया
-व्यक्तिगत पहचान के लिए आधार कार्ड
-परिवार की पहचान के लिए राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल
-सूचीबद्ध अस्पतालों व जनसेवा केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाए जाते हैं

योजना में मिलती है ये सुविधाएं
-प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा
-केवल भर्ती मरीजों को ही निशुल्क उपचार
-गंभीर बीमारियों जैसे ह्दय रोग, किडनी रोग, घुटना प्रत्यारोपण, कैंसर, मोतियाबिंद, सर्जरी आदि का उपचार

निशुल्क हेल्पलाइन
अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 180018004444 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह है जिले में योजना की प्रगति
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थी-219775
मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के पात्र लाभार्थी-28788
अब तक बने गोल्डन कार्ड -293351
परिवार जो इस दायरे में आए-103322
कुल प्रगति 41.56 प्रतिशत
शेष-58.44

20417 रोगियों ने कराया है उपचार
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अतंर्गत जिले में पब्लिक और प्राइवेट अस्पतालों को मिलाकर 20417 रोगियों को उपचार की सुविधा मिली है। इस उपलब्धि के आधार पर प्रदेश में जिले की 17वीं रैंक है। सरकारी अस्पतालों में 1348 ने और निजी अस्पतालों में 19069 लोगों ने उपचार कराया है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि आयुष्मान भारत-जन आरोग्य योजना के लिए जिले में 297351 कार्ड बने हैं। कुल 103322 परिवारों को इससे आच्छादित किया गया हैं। जहां तक प्रगति का सवाल है, कोरोना संक्रमण के चलते इस पर असर पड़ा है। फिर भी योजना के नोडल अधिकारी और इससे जुड़े सभी कर्मियों को प्रगति के आंकड़ें में सुधार लाने और पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने में आ रही दिक्कतों को दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

संबंधित समाचार