दीपक हुडा ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से तोड़ा नाता, राजस्थान में शामिल होने के लिए तैयार
जयपुर। ऑलराउंडर दीपक हुड्डा ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से नाता तोड़ते हुए बड़ौदा की टीम छोड़ दी है और आगामी घरेलू सत्र के लिए राजस्थान से जुड़ने के लिए तैयार हैं। राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने एक प्रवक्ता के माध्यम से बताया कि वह दीपक हुड्डा को टीम में शामिल करने के …
जयपुर। ऑलराउंडर दीपक हुड्डा ने बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन से नाता तोड़ते हुए बड़ौदा की टीम छोड़ दी है और आगामी घरेलू सत्र के लिए राजस्थान से जुड़ने के लिए तैयार हैं। राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वैभव गहलोत ने एक प्रवक्ता के माध्यम से बताया कि वह दीपक हुड्डा को टीम में शामिल करने के लिए उत्साहित हैं।
समझा जाता है कि हुड्डा में टीम बदलने की इच्छा इस साल की शुरुआत में बड़ौदा के साथ उतार-चढ़ाव भरे सीजन के बाद आई। जनवरी में सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट शुरू होने से एक दिन पहले हुड्डा टीम के कप्तान क्रुणाल पांड्या के साथ एक विवाद में शामिल होने के बाद बायो-बबल से बाहर हो गए थे।
इसके बाद उन्हें ‘अनुशासनहीनता’ के लिए शेष घरेलू सत्र के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ शिशिर हट्टंगडी के मुताबिक इस बार उन्हें बड़ौदा द्वारा ट्रेनिंग शिविर के लिए चुना गया था, लेकिन बाद में उन्होंने बाहर जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “ हुड्डा ने एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मांगी थी जो उन्हें दे दी गई है। हम उनके बेहतर भविष्य की कामना करते हैं।
हमने उन्हें 15 जून को ट्रेनिंग शिविर के लिए चुना था। इस साल कोच और अन्य किसी ने उनकी तरफ से कुछ नहीं सुना। वह कोई जवाब नहीं दे रहे थे, इसलिए मैंने उन्हें 30 जून के आसपास बुलाया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। फिर वह 30 जून की रात को मुझसे यह कहते हुए मिले कि वह 10 जुलाई को रिपोर्ट करेंगे, क्योंकि वह कहीं जा रहे हैं।
दरअसल उन्होंने एक पत्र भेजा था कि वह प्रशिक्षण के लिए 10 जुलाई को रिपोर्ट करेंगे। 13 तारीख को उन्होंने एक और पत्र भेजा, जिसमें हुड्डा ने कहा कि वह अपनी टीम और राज्य बदलने पर विचार कर रहे हैं। ” सीईओ ने यह भी कहा कि पिछले सीजन में जो कुछ हुआ उससे नाखुश होने के बावजूद हुड्डा के चयन पर विचार किया जा रहा था।
