बनबसा: एनएचएआई और लोनिवि दोनों ने झाड़ा पल्ला अब जनता की कौन सुने फरियाद
बनबसा, अमृत विचार। हाइवे से लगे वार्ड नंबर एक को जाने वाले संपर्क मार्ग पर नाले के पानी के बहाव के लिए लगाया गया ह्यूम पाइप नाले की सतह से नीचे दब गया है, जिसे दुरुस्त कराने से एनएचएआई और लोनिवि ने पल्ला झाड़ लिया है। नतीजतन वार्डवासी और आसपास के लोग जलभराव की समस्या …
बनबसा, अमृत विचार। हाइवे से लगे वार्ड नंबर एक को जाने वाले संपर्क मार्ग पर नाले के पानी के बहाव के लिए लगाया गया ह्यूम पाइप नाले की सतह से नीचे दब गया है, जिसे दुरुस्त कराने से एनएचएआई और लोनिवि ने पल्ला झाड़ लिया है। नतीजतन वार्डवासी और आसपास के लोग जलभराव की समस्या से परेशान हैं।
बता दें कि नगर पंचायत के गठन से पहले नगर से एक नाला वार्ड नंबर एक से जगबूढ़ा पुल की तरफ जाता है। नाले का निर्माण पूर्व में लोनिवि द्वारा मय रोड के कराया गया था। इस नाले में लोनिवि द्वारा केवल ह्यूम पाइप डाल दिया गया था और उसके ऊपर डामरयुक्त रोड का निर्माण किया गया था, जो वर्तमान में नाले की सतह से करीब तीन फिट नीचे बैठ गया है।
इस कारण नाले का पानी जगबूढ़ा पुल की ओर जाने के बजाए लोगों के घरों और खेतों में जा रहा है, जिससे उनके घर में रखा सामान और खेतों में खड़ी फसलें खराब हो रही है। इस बाबत नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से जब लोनिवि को पत्र लिखा गया तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए इस स्थल को एनएचएआई के अधीन बताया।
इसके बाद जब एनएचएआई से पत्राचार किया गया तो वहां से उक्त स्थल को लोनिवि के अधीन बताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया गया। ऐसे में दोनों विभागों के अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेने से वार्ड वासी और आसपास के लोग खासे परेशान हैं। चूंकि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और क्षेत्र में जलभराव की समस्या वैसे ही विकट बनी हुई है। लोगों में विभागीय कार्यप्रणाली के प्रति गहरा आक्रोश बना हुआ है।
यह डामर रोड लोनिवि द्वारा बनाई गई थी। लोनिवि द्वारा अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना बेहद अफसोसजनक है। इसके लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। साथ ही 24 जुलाई को खटीमा आ रहे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एक शिष्टमंडल मिलेगा, जो इस मुद्दे को उनके समक्ष रखेगा।
-रेनू अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर पंचायत
