बरेली: टीम से नोकझोंक, होटल-नर्सिंग होम के हटाए अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को झूलेलाल द्वार और रोड के सौंदर्यीकरण का काम करना है। यहां राजेंद्र नगर में स्वयंवर बारातघर से केके अस्पताल के सामने होते हुए झूलेलाल द्वार तक सड़क को आदर्श मार्ग के तौर पर विकसित किया जाना है। इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए बीडीए और नगर …

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को झूलेलाल द्वार और रोड के सौंदर्यीकरण का काम करना है। यहां राजेंद्र नगर में स्वयंवर बारातघर से केके अस्पताल के सामने होते हुए झूलेलाल द्वार तक सड़क को आदर्श मार्ग के तौर पर विकसित किया जाना है। इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए बीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शनिवार को झूलेलाल द्वार से स्वयंवर बारातघर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। चौड़ीकरण की जद में आने वाले होटल, नर्सिंग होम सहित कई व्यवसायिक भवनों के अवैध हिस्सों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान कई बार टीम और स्थानीय लोगों के बीच तनातनी हो गई जिस पर बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क किनारे से बिजली खंभे और ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

झूलेलाल द्वार से स्वयंवर बारातघर मार्ग पर सड़क किनारे कई नर्सिंग होम, अस्पताल, होटल संचालकों ने अवैध निर्माण कर लिया है। जून अंत में बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने यहां निरीक्षण कर अतिक्रमण करने वालों से खुद अतिक्रमण हटाने को कहा था लेकिन कब्जेदारों ने खुद से अतिक्रमण नहीं हटाया लेकिन लोगों के कब्जा हटाए जाने पर शनिवार को बीडीए के अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित के नेतृत्व में बीडीए की टीम और नगर निगम का प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा। नाले पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

इस दौरान होटल गाला गलेक्सी, डिवाइन अस्पताल, होटल गीत, क्यूटीस हॉस्पिटल, फोकस हेल्थकेयर, अल्फा डाइग्नोस्टिक, स्माइल डेंटल केयर सहित कई जगहों पर जेसीबी से अतिक्रमण को तोड़ दिया गया। सड़क के दूसरी ओर आवासों के सामने सड़क घेरकर बनाए गए बगीचे भी उखाड़ दिए। इस दौरान यहां एक धार्मिक स्थल के आगे के हिस्से को भी जेसीबी से तोड़ दिया गया। इस पर लोग हंगामा करने लगे। विरोध करने वालों को प्रवर्तन दल ने खदेड़ दिया।

आवासीय नक्शों पर मिले व्यवसायिक निर्माण
झूलेलाल रोड पर कई लोगों ने आवासीय नक्शे पर व्यावसायिक भवन बना लिए। लोगों ने मकानों में दुकान, शोरूम तक का निर्माण कर रखा है। बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह यह देखकर दंग रह गए। उन्होंने कहा कि इसकी नापजोख कराने के साथ ही जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

करीब ढाई करोड़ रुपये हो चुके मंजूर
झूलेलाल द्वार सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब चार साल पहले लगभग ढाई करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इससे लगभग नौ सौ मीटर रोड के किनारे टाइल्स बिछाई जानी है लेकिन बजट के अभाव में यह काम नहीं कराया जा सका था। सड़क पर डेढ़ मीटर का डिवाइडर बनाया जा रहा है। डिवाइडर के दोनों ओर करीब पांच-पांच मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी।

“रोड सार्वजनिक संपत्ति है, जिस पर अवैध कब्जे को बगैर नोटिस के ही हटाया जा सकता है। जो लोग कब्जा न हटाने के लिए कोर्ट स्टे दिखाने की बात कह रहे थे, उनका स्टे भी उनके अपने निर्माण स्थल का ही है, न ही वे सड़क या सार्वजनिक जगह पर बने अतिक्रमण को लेकर था।” -राजीव दीक्षित, बीडीए के अधीक्षण अभियंता

“झूलेलाल द्वार और सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होना है। चौड़ीकरण के लिए जो जिसे अतिक्रमण में आ रहे थे, उन्हें हटा दिया गया है।” -जोगिंदर सिंह, बीडीए उपाध्यक्ष

संबंधित समाचार