बरेली: हाईटेंशन लाइन के टूटे तार ने ली कारोबारी की जान, भीड़ ने सड़क जाम कर किया हंगामा
बरेली, अमृत विचार। 11 हजार की हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार कई जगहों पर जर्जर हो चुके हैं लेकिन अधिकारी बदल नहीं रहे हैं। जबकि हर साल जर्जर तारों के बदलने पर मोटा बजट खपाया जा रहा है। तार न बदलने की अधिकारियों की लापरवाही से पूर्व में भी कई हादसे हुए लेकिन अधिकारी हर बार …
बरेली, अमृत विचार। 11 हजार की हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार कई जगहों पर जर्जर हो चुके हैं लेकिन अधिकारी बदल नहीं रहे हैं। जबकि हर साल जर्जर तारों के बदलने पर मोटा बजट खपाया जा रहा है। तार न बदलने की अधिकारियों की लापरवाही से पूर्व में भी कई हादसे हुए लेकिन अधिकारी हर बार अनदेखा करते आ रहे हैं। इस बार हाईटेंशन लाइन का विद्युत तार टूटकर भीड़ वाले इलाके में गिर गया।

रविवार को बारिश में मलूकपुर पुलिस चौकी के पास फतेह निशान मोहल्ले की सड़क पर पानी भरा था। दोपहर करीब 3.30 बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे पानी में करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से मलूकपुर चौकी के पास फतेह निशान मोहल्ला निवासी कारोबारी शमसाद हुसैन (26) पुत्र आबिद हुसैन की मौत हो गयी। आबिद पेंटिंग और रेडीमेड कपड़ों का काम करता था। वहां से गुजरने वाले कई अन्य लोगों को भी झटके लगे थे। करंट फैलने से लोग दहशत में आ गए।

घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग एकजुट हो गए और घटना के विरोध में आक्रोशित भीड़ ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मलूकपुर चौकी वाली सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद जमकर हंगामा काटा। चौकी पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को किसी तरह शांत कराया। लोगों ने बताया कि मलूकपुर चौकी से आगे गली से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। उसी का तार टूटकर गिरा। सड़क पर पानी भरा होने से उसमें करंट फैल गया। शमशाद के चपेट में आने के बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुस्साई भीड़ ने विद्युत टीम को घेरा
आक्रोशित भीड़ मौके पर विद्युत अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रही थी। उसके बाद कुतुबखाना विद्युत उपकेन्द्र से एक टीम टूटे हुए तार को ठीक करने के लिए पहुंची। टीम को देख गुस्साई भीड़ ने घेराव कर दिया। लोगों ने बिजली विभाग की टीम को तार नहीं जोड़ने दिया। लोगों की मांग थी कि यहां से हाईटेंशन लाइन शिफ्ट की जाए। पुलिस के पहुंचने के बाद टीम ने लाइन जोड़ी।

मलूकपुर की गलियों में मकानों की छतों को छू रहे जर्जर तार
बरेली। विद्युत उपकेंद्र कुतुबखाना क्षेत्र के मलूकपुर की गलियों में मौत का करंट दशकों से दौड़ रहा है। जर्जर तार मकान की छतों को छूकर गुजर रहे हैं। ढीले तारों से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। कई बार विद्युत विभाग के जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन अनदेखी की जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि काफी पुराने हो चुके विद्युत तार जर्जर होकर बस्ती के रास्तों पर लटक रहे हैं। मामूली हवा का झोका फाल्ट व शार्ट-सर्किट का सबब बन रहा है। इससे लोगों में हर वक्त खतरे का अंदेशा बना रहता है। छत पर लटकते तार से लोगों को बारिश के मौसम में हादसा होने का डर बना रहता है।
लोगों ने की अभद्रता
कुतुबखाना उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि बारिश में एचटी लाइन के तार टूटने से एक युवक की मौत हुई है। टीम मौके पर गई लेकिन उसके साथ क्षेत्र के लोगों ने अभद्र व्यवहार किया। हालांकि बाद में टूटे हुए तार को जोड़ दिया गया।
तारों के लटकते गुच्छे कहीं भी आसानी से दिख जाएंगे
मुहम्मद खालिद जीलानी (उपभोक्ता, बिजली मामलों के वकील एवं आरटीआई एक्टिविस्ट) ने कहा कि शहर के मुख्य बाजारों, संकरी गली-मोहल्लों व घनी आबादी के बीच बिजली के जर्जर व नंगे तारों के लटकते गुच्छे कहीं भी आसानी से देखे जा सकते हैं। जोकि जन-सामान्य को मौत की दावत देते हैं। युवक की मौत का जिम्मेदार सीधे तौर पर बिजली विभाग है। क्षेत्र के एसडीओ और जेई पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर विद्युत अधिनियम के प्रावधान के अनुसार मृतक युवक के परिजनों को तत्काल एक करोड़ और घायलों को उचित मुआवजा दिया जाए।
