बरेली: उत्तराखंड के बार्डर पर हो रही बसों की चेकिंग, मांग रहे वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट
बरेली, अमृत विचार। कांवड़ यात्रा पर रोक लगाने के बाद अब उत्तराखंड के बार्डर पर बसों की चेकिंग की जा रही है। दरअसल उत्तराखंड के लिए बरेली से बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं। उत्तराखंड सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि उनके राज्य में प्रवेश करने के लिए …
बरेली, अमृत विचार। कांवड़ यात्रा पर रोक लगाने के बाद अब उत्तराखंड के बार्डर पर बसों की चेकिंग की जा रही है। दरअसल उत्तराखंड के लिए बरेली से बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं। उत्तराखंड सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि उनके राज्य में प्रवेश करने के लिए कोविड निगेटिव रिपोर्ट या वैक्सीन लगे होने का दस्तावेज दिखाना होगा। बरेली से जाने वाली बसों में उत्तराखंड की रोजाना औसतन पांच से छह हजार सवारियां जा रही हैं।
कोविड जांच रिपोर्ट या वैक्सिनेशन कार्ड मांगा
कोरोना की तीसरी लहर को लेकर जारी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड बार्डर में बरेली से होकर जाने वाली सभी रोडवेज बसों को रोककर यात्रियों के कोविड जांच रिपोर्ट या वैक्सिनेशन कार्ड मांगा जा रहा है। यूपी-उत्तराखंड बार्डर में सभी बसों को रोककर यात्रियों के साथ ही रोडवेज के चालक-परिचालकों के भी दस्तावेज देखे जा रहे हैं। दस्तावेज न दिखा पाने वालों को बार्डर से ही वापस कर दिया जा रहा है।
पत्र जारी कर जल्द टीकाकरण कराने के निर्देश
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने परिवहन विभाग की बसों को उनके राज्यों में जाने के लिए सशर्त मंजूरी दी है। जिसके तहत कोविड जांच रिपोर्ट व वैक्सीन लगा होना जरूरी है। बरेली रीजन में कार्यरत नियमित व संविदा सभी मिलाकर तीन हजार से अधिक कर्मचारी तैनात हैं। जिनमें से 90 प्रतिशत अधिकारी व कर्मचारियों का टीकाकरण हो चुका है। जबकि शेष रह चुके लोगों को भी पत्र जारी कर जल्द टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
