लखीमपुर-खीरी: तालाब में उतराता मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मोहम्मदी/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव भानपुर बनवारी के विशाल तालाब में सोमवार को एक महिला का शव उतराता देखा गया। पुलिस ने शव बाहर निकलवा। शव की शिनाख्त भानपुर निवासी बबली के रूप में हुई है। बबली रविवार की आधी रात घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। घरवालों ने हत्या …

मोहम्मदी/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव भानपुर बनवारी के विशाल तालाब में सोमवार को एक महिला का शव उतराता देखा गया। पुलिस ने शव बाहर निकलवा। शव की शिनाख्त भानपुर निवासी बबली के रूप में हुई है। बबली रविवार की आधी रात घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। घरवालों ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।

गांव भानपुर बनवारी के कुछ ग्रामीण सोमवार की सुबह खेतों की तरफ गए थे। उनकी नजर गांव के निकट तालाब में उतरा रहे महिला के शव पर पड़ी। तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया और पहचान कराने की कोशिश की लेकिन शव की पहचान नहीं हुई। इस पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव लखीमपुर भेज दिया।

कुछ देर बाद कोतवाली पहुंचे भानपुर निवासी रामसागर ने फोटो देखकर शव की शिनाख्त अपनी पुत्री 25 वर्षीय बबली के रूप में की। उन्होंने बताया कि बबली रविवार की रात करीब 12 बजे से घर से अचानक गायब हो गई। उसकी तलाश घर वाले रात से ही कर रहे थे। पूरे गांव व रिश्तेदारी में तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला।

रिश्तेदारियों से तलाश कर जब वह घर पहुंचे तो उन्हे तालाब में शव मिलने की जानकारी हुई। उन्होंने पुत्री की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। एसआई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।

संबंधित समाचार