बरेली: महंगा पेट्रोल-डीजल, किराया सीएनजी के टेम्पो-ऑटो का बढ़ाया
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में डीजल-पेट्रोल के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं। सादा पेट्रोल के रेट सौ रुपए प्रति लीटर के पार होने वाले हैं। इसका असर सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन और कार चलाने वालों की जेब पर पड़ रहा है लेकिन शहर के विभिन्न रूटों पर संचालित टेंपो और ऑटो वालों ने मनमाने …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में डीजल-पेट्रोल के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं। सादा पेट्रोल के रेट सौ रुपए प्रति लीटर के पार होने वाले हैं। इसका असर सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन और कार चलाने वालों की जेब पर पड़ रहा है लेकिन शहर के विभिन्न रूटों पर संचालित टेंपो और ऑटो वालों ने मनमाने तरीके से किराया बढ़ा दिया।
चौपुला से सेटेलाइट की तीन किलोमीटर की दूरी के पहले 10 रुपए वसूलते थे लेकिन अब चालकों ने अचानक 20 रुपए वसूलना शुरू कर दिया। कोई यात्री विरोध करता है तो उससे 15 रुपए ले लेते हैं। जबकि शहर के सभी टेंपो सीएनजी से चलते हैं और तीन माह में सीएनजी पर भी 3.50 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इसके साथ अन्य रूटों पर भी पांच से 10 रुपए की वृद्धि कर दी।

टेंपो और ऑटो चालक खुलेआम लूट मचा रहे हैं लेकिन न संभागीय परिवहन विभाग और न ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी कार्रवाई करते हैं। ट्रैफिक नियमों में तो टेंपो-ऑटो पर किराया दर की सूची चस्पा करना अनिवार्य है लेकिन शहर के किसी टेंपो व ऑटो पर रेट सूची चस्पा नहीं है। टेंपो व ऑटो चालकों के अचानक दाम बढ़ाने का असर यात्रियों की जेब पर पड़ रहा है। पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में वृद्धि से यात्री वाहनों के भाड़े में भी वृद्धि कर दी गई। इससे लोग और ज्यादा परेशान हो रहे हैं। कुछ सवारियों ने एतराज जताया तो उन्हें पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी गैस के दाम बढ़ने की कहानी सुना दी।
तीन किलोमीटर की दूरी के वसूल रहे 15 रुपए
अवैध वसूली का उदाहरण देखिए। चौपुला चौराहे से सेटेलाइट की तीन किलोमीटर की दूरी है। यहां सोमवार को यात्रियों से 15 रुपए से लेकर 20 रुपये किराया वसूला गया। सुभाषनगर चुंगी से चौपुला चौराहे तक का भी किराया ऑटो चालकों ने 10 रुपये कर दिया है। रेलवे जंक्शन से चौकी चौराहा रूट पर भी बढ़ा किराया वसूल रहे हैं। इसी तरह मथुरापुर से चौपुला चौराहे तक पहले 15 रुपए किराया जाता था अब 20 से 25 रुपए तक ले रहे हैं। अगर कोई किला से चौपुला चौराहे तक के लिए बैठ रहा है तो उससे भी 15 या 10 रुपए ले रहे हैं। इसी तरह सेटेलाइट से सौ फुटा रोड तक तक 15 रुपए ले रहे हैं। अगर यात्री बीसलपुर चौराहा या संजयनगर मोड़ पर उतर रहा है तो भी उससे पूरा किराया वसूला जा रहा है।

अनलॉक में बढ़ाया था किराया, अब बढ़ा दिया
शहर के टेंपो व ऑटो चालकों की मनमानी से हर रोज हजारों यात्री ठगे जा रहे हैं। चालकों ने सोशल डिस्टेंस के नाम पर तीन से चार गुना तक किराया बढ़ाया है। जबकि यात्रियों को सीट पर मनमाने तरीके से बैठाया जा रहा है। 2020 के अनलॉक वन में ऑटो चालकों को सिर्फ दो यात्री बैठाने के आदेश हुए थे। ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। ऑटो यूनियन का कहना था कि दो यात्री बैठाने से घाटा होगा, इसलिए एक यात्री से न्यूनतम किराया 10 रुपये लेंगे। अब यात्रियों से किराया तो 10 रुपये के बदले 20 रुपये ले रहे हैं लेकिन यात्री भी पांच से छह बैठा रहे हैं।
तीन माह में 3.50 रुपये महंगी हुई सीएनजी
पिछले तीन महीने में सीएनजी 3.50 रुपये महंगी हो चुकी है। पेट्रोल ने भी सौ रुपए का आंकडा पार कर लिया है। अप्रैल में 60 रुपये में मिलने वाली सीएनजी में ढाई रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। अब अचानक 0.70 रुपये की बढ़ोतरी के बाद सीएनजी 63.50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।
