मुरादाबाद : फर्जी आधार कार्ड से छात्रवृति हड़पने वाले गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी फरार, दो गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। फर्जी आधार कार्ड बनाकर छात्रवृति हड़पने वाले गिरोह का सिविल लाइंस पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 54 असली और 37 फर्जी आधार कार्ड तथा छात्र-छात्राओं के 1900 फोटो भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उनके कब्जे से लैपटॉप, स्केनर और प्रिंटर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। फर्जी आधार कार्ड बनाकर छात्रवृति हड़पने वाले गिरोह का सिविल लाइंस पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 54 असली और 37 फर्जी आधार कार्ड तथा छात्र-छात्राओं के 1900 फोटो भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उनके कब्जे से लैपटॉप, स्केनर और प्रिंटर भी बरामद किए गए हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड अभी फरार है। वह निजी स्कूल चलाता है। पकड़े गए दोनों युवक मामा-भांजे हैं। मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
एसएसपी पवन कुमार के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रेल चौकी इंचार्ज हरिओम सिंह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। संदेह होने पर उन्होंने बाइक सवार दो युवकों को रोका। तलाशी में उनके पास से बड़ी मात्रा में फर्जी व असली आधार कार्ड तथा सिम कार्ड मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अनस व हस्सान निवासी गांव सिकंदराबाद, थाना टांडा, जनपद रामपुर बताए। इतनी संख्या में आधार कार्ड देख पुलिस का माथा ठनका। दोनों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन्होंने सारा रहस्य उगल दिया।
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने गांव में ही जनसेवा केंद्र चलाते हैं। हस्सान के अनुसार टांडा थाना क्षेत्र के गांव अब्बासपुर निवासी उसके बहनोई ताहिर अली का सिकंदराबाद गांव में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय है। अनस उसका भांजा है। ताहिर स्कूल के बच्चों की छात्रवृति प्राप्त करने के लिए उनके फोटो इन दोनों को देता था।
इसके बाद ये दोनों इन फोटो से फर्जी आधार कार्ड बनाकर उन पर मोबाइल सिम लेते थे। इन्हीं आधार कार्डों के जरिए बैंक में खाते खुलवा कर छात्रवृति की रकम प्राप्त करते थे। बताया कि इसी काम की तलाश में मुरादाबाद आए थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रामपुर के अलावा मुरादाबाद तथा आसपास के जिलों में इस प्रकार के फर्जी आधार कार्ड बनाकर उन पर सिम लेकर अवैध रूप से छात्रवृति का धन अर्जित करते हैं। इसके अलावा फर्जी आधार कार्ड से सिम लेकर ग्राहकों को बेचते हैं।
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 54 असली और 37 एडिट किए हुए फर्जी आधार कार्ड, 23 फर्जी सिम, लैपटॉप, प्रिंटर, आधार कार्ड बनाने में प्रयोग की जाने वाली 16 फोटो शीट, बाइक, हाईस्कूल व इंटर की चार मार्कशीट तथा छात्र-छात्राओं के 1900 फोटो बरामद किए गए हैं। मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल मास्टर माइंड ताहिर अली को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
गिरफ्तार करने वाली टीम
आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में एसएसआई वीरेंद्र कुमार, एसआई हरिओम सिंह व वीरेंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, राहुल कुमार व होमगार्ड उस्मान शामिल रहे।
सूरजपाल के आधार कार्ड पर ‘मुल्ला जी’ का फोटो
आरोपियों के कब्जे से बरामद हुए फर्जी आधार कार्डों में से एक पर गोल टोपी लगाए मुल्ला जी का फोटो लगा था। इसमें नाम सूरज पाल का था। फर्जीवाड़ा करके आरोपियों ने सूरजपाल के आधार कार्ड पर ‘मुल्ला जी’ का फोटो लगा डाला। आरोपियों के कब्जे से ऐसे कई आधार कार्ड मिले हैं, जिन पर नाम पता कोई और व फोटो किसी और का लगा हुआ था।
