हरदोई: ब्लॉक प्रमुख अंजू सिंह ने ली पद व गोपनीयता की शपथ, किया ये बड़ा ऐलान
हरदोई। भरखनी ब्लॉक से निर्विरोध निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख अंजू सिंह ने मंगलवार को भरखनी ब्लॉक मुख्यालय के बीडीसी, कार्यकर्ताओं व समर्थकों से भरे खचाखच सभागार में विधायक रानू सिंह की मौजूदगी में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिले के समस्त 19 ब्लॉकों में से एक भरखनी ब्लॉक प्रमुख पद पर पिछले 25 सालों से …
हरदोई। भरखनी ब्लॉक से निर्विरोध निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख अंजू सिंह ने मंगलवार को भरखनी ब्लॉक मुख्यालय के बीडीसी, कार्यकर्ताओं व समर्थकों से भरे खचाखच सभागार में विधायक रानू सिंह की मौजूदगी में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिले के समस्त 19 ब्लॉकों में से एक भरखनी ब्लॉक प्रमुख पद पर पिछले 25 सालों से गढ़ी परिवार का एकछत्र प्रभुत्व कायम रहा हैं। साल 1995 में पहली बार विधायक रानू सिंह की माता गढ़ी राजघराने की गीता सिंह ब्लॉक प्रमुख बनी थी, उसके बाद से लगातार अब तक इसी परिवार का ब्लॉक प्रमुखी पर दबदबा रहा।
भाजपा ने इस बार पूर्व ब्लॉक प्रमुख और गन्ना संघ उत्तर प्रदेश के डायरेक्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी व विधायक की अनुज बहू अंजू सिंह को प्रत्याशी बनाया था। लेकिन अन्य किसी का नामांकन नहीं होने से अंजू सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। मंगलवार को रिमझिम बारिश के बीच भरखनी ब्लाक मुख्यालय सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों व बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच ब्लॉक प्रमुख अंजू सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। सहायक अभियंता लघु सिंचाई धर्मेंद्र सिंह ने अंजू सिंह को शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के मौके पर मौजूद विधायक रानू सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य की तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार क्षेत्र के लोगों को मिला है। उन्होंने कहा कि भरखनी क्षेत्र के लोग उनके परिवार के सदस्य की तरह हैं उनके विकास के लिए वह पूरी तरह संकल्पित हैं। श्री सिंह ने कहा कि उनके द्वारा लगातार भरखनी क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी यह क्रम चलता रहेगा।
शपथ ग्रहण के पश्चात ब्लॉक प्रमुख अंजू सिंह ने भरखनी क्षेत्र के चहुमुखी विकास का वादा करते हुए कहा कि शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में वह प्राथमिकता के तौर पर कार्य करेगी। वही पूर्व ब्लॉक प्रमुख व गन्ना संघ उत्तरप्रदेश के डायरेक्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह सेनानी ने कहा कि क्षेत्र के लोगो के भरोसे को वह टूटने नहीं देंगे। भरखनी क्षेत्र के लिए जो भी सम्भव होगा वह करेंगे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित प्राची, विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी, दीपांशु सिंह, संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष अनंगपुर जैनेंद्र सिंह, पाली शिवम तिवारी, विवेक सिंह, राजन सिंह, अंकित सिंह, केपी सिंह , देवव्रत कुशवाहा, उदयराज सिंह , संजय पाण्डेय , अमित गुप्ता, सागर सिंह आदि मौजूद रहे।
