मुरादाबाद : ब्लूटूथ युक्त डिवाइस से यात्रियों को चेता रही जीआरपी, रेलगाड़ियों में गूंज रही जागते रहो, सतर्क रहो… की आवाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। यात्रीगण कृपया ध्यान दें… जागते रहें, सतर्क रहें। अपना मोबाइल, पर्स व अन्य जरूरी सामान संभाल कर रखें, किसी भी अनजान व्यक्ति से खाद्य सामग्री न लें, यदि किसी तरह की परेशानी है तो हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करें। यह आवाज आजकल लंबे रूट की रेलगाड़ियों में सुनने को मिल रही है। …

मुरादाबाद,अमृत विचार। यात्रीगण कृपया ध्यान दें… जागते रहें, सतर्क रहें। अपना मोबाइल, पर्स व अन्य जरूरी सामान संभाल कर रखें, किसी भी अनजान व्यक्ति से खाद्य सामग्री न लें, यदि किसी तरह की परेशानी है तो हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करें। यह आवाज आजकल लंबे रूट की रेलगाड़ियों में सुनने को मिल रही है। इसे ब्यूटूथ युक्त डिवाइस से यात्रियों को जागरूक करने के लिए जीआरपी व आरपीएफ द्वारा प्रसारित किया जा रहा है। ताकि यात्रा के दौरान यात्री किसी भी तरह की अनहोनी से बच सकें।

कोरोनाकाल में ट्रेनों का संचालन कम होने से अपराध भी कम हुए थे। लेकिन, अनलाक के साथ ही ट्रेनों का संचालन शुरू होने से इनमें वृद्धि हुई है। ऐसे में ट्रेनों में बढ़ती जहरखुरानी, चोरी आदि की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रेलवे ने यात्रियों को सतर्क करने का निर्णय लिया है।

अब रात के आठ बजते ही ट्रेनों में मौजूद जीआरपी स्क्वैड के जवान यात्रियों को सावधान रहने के लिए ब्लूटूथ स्पीकर से सतर्क करते नजर आते हैं। उनके द्वारा दिए जा रहे संदेश में यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाती है।

जंक्शन से वर्तमान में पांच जोड़ी ट्रेनों में आरपीएफ व आठ जोड़ी ट्रेनों में जीआरपी का स्क्वैड चलता है, जबकि वर्तमान में 25 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को ठहराव जंक्शन पर दिया गया है। जीआरपी ने जहरखुरानी, चोरी व अन्य अपराधों से जुड़े बदमाशों से सावधान रहने के लिए स्लोगन तैयार किया है। इसमें किसी दूसरे यात्री का भोजन न करने, संदिग्ध वस्तु को न उठाने, महिलाओं से पर्स को बर्थ पर न छोड़ने, मोबाइल को चार्जिंग पर लगाकर न सोने व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है।

अभी नहीं दिए गए बॉडीवार्न कैमरे
ट्रेनों में ड्यूटी के दौरान जीआरपी व आरपीएफ के दामन पर दाग भी लगते रहे हैं। अवैध उगाही के साथ ही यात्रियों से अभद्रता की शिकायतें लगातार की जा रही हैं। इसको देखते हुए मुख्यालय से जीआरपी व आरपीएफ को बॉडीवार्न कैमरे दिए जाने थे, जिसके माध्यम से जवान ट्रेनों में होने वाली गतिविधियों को आसानी से कैद कर यात्रियों की ओर से लगाए जाने वाले आरोपों को निराधार बता सकते थे। लेकिन, मुख्यालय से अभी ये कैमरे उन्हें उपलब्ध नही करवाए गए हैं।

एसपी जीआरपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि रेलगाड़ियों में होने वाली घटनाओं को रोकने व यात्रियों को जागरूक करने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस डिवाइस के माध्यम से स्लोगन की तेज आवाज सुन कर यात्री ट्रेन में यात्रा के दौरान सतर्क व सुरक्षित रहते हैं।

संबंधित समाचार