बरेली: टीसी की नौकरी के लिए दिए 2.60 लाख, थमाया कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति का फर्जी पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रेलवे में टीसी की नौकरी का लालच देकर ठगों ने एक महिला से करीब 2.60 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगों ने उसे कंप्यूटर ऑपरेटर का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। महिला जब ज्वाइनिंग लेने पहुंची, तब ठगों का भंडाफोड़ हुआ। तीन ठगों में से दो जिला महिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारी हैं। …

बरेली, अमृत विचार। रेलवे में टीसी की नौकरी का लालच देकर ठगों ने एक महिला से करीब 2.60 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगों ने उसे कंप्यूटर ऑपरेटर का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। महिला जब ज्वाइनिंग लेने पहुंची, तब ठगों का भंडाफोड़ हुआ। तीन ठगों में से दो जिला महिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मचारी हैं। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए महिला ने कोतवाली में तहरीर दी है।

प्रेम नगर के शास्त्री नगर की रहने वाली सीमा तिवारी व उनके पति बृजेश कुमार दोनों ही एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। सीमा ने बताया कि सुभाष नगर के संतोष सक्सेना से पुरानी जान-पहचान थी। संतोष जिला अस्पताल में बतौर आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्यरत है। 3 फरवरी 2020 के आसपास संतोष ने उसको रेलवे में टीसी की नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। इसके बाद उसकी मुलाकात अपने दो साथियों जयपाल व जितेंद्र से कराई। दोनों ने उसको 2.60 लाख रुपये का खर्चा बताया और बतौर एडवांस पचास हजार रुपये मांगे। उसने 10 फरवरी 2020 को आरोपियों को 49 हजार रुपये दिए।

कुछ समय बाद फिर बकाया राशि 2.11 लाख रुपये भी ले ली। उसी दौरान कोरोना के चलते लॉकडाउन लग गया, जिसका बहाना बनाकर तीनों ठग टालमटोल करने लगे। कोरोना के चलते रेलवे भर्ती में देरी होने का बहाना बनाते हुए जालसाजों ने महिला को आरडब्ल्यूवीएमएसआर मैनेजमेंट (ग्रामीण महिला विकास मिशन) में नौकरी दिलाने का वादा किया। इसके बाद आरोपियों ने 15 सितंबर 2020 को कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर नियुक्ति का महिला विकास मिशन नई दिल्ली के डायरेक्टर के नाम से जारी पत्र सौंपा।

नियुक्ति पत्र में 21 हजार पांच सौ रुपये प्रतिमाह सैलरी की बात लिखी थी। महिला जब नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने पहुंची, तब जालसाजों की करामात सामने आई। इसके बाद महिला ने आरोपियों को फोन किया तो वो भविष्य में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देते रहे। शनिवार को महिला संतोष के कार्यालय जिला महिला अस्पताल पहुंची और दोनों को पुलिस के हवाले करवाया।

लखनऊ में हुआ महिला का फर्जी मेडिकल व कागजी सत्यापन
सीमा तिवारी ने बताया कि 50 हजार रुपये लेने के बाद आरोपी उसे लखनऊ के आलमबाग स्थित पेट्रोल पंप के पास बने एक ऑफिस में लेकर पहुंचे। यहां शैक्षिक दस्तावेजों व अन्य कागजातों का फर्जी सत्यापन कराकर उसका इंटरव्यू कराया। इसके बाद जालसाजों ने शत प्रतिशत भर्ती की बात कहते हुए बकाया राशि भी ले ली और जल्द ही ज्वाइनिंग होने की बात कही। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद महिला को नौकरी मिलने का पूरा भ्रम हो गया। उसने यह बात अपनी एक और महिला मित्र को बताई। महिला मित्र बेरोजगार थी, जिससे उसने भी रुपये देकर नौकरी पाने के लिए हामी भर ली। सीमा के कहने पर महिला ने जालसाजों को 30 हजार रुपये दे दिए।

सीओ प्रथम यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि रेलवे में नौकरी दिलवाऐ के नाम पर महिला के साथ ठगी का मामला संज्ञान में आया है। कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार