सीतापुर: डकैती डालने आए बदमाशों ने विरोध करने पर महिला को मारी गोली, मौत
तालगांव, सीतापुर। गांव में शनिवार की रात डकैती डालने आए डकैतों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके पति व देवर को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। वारदात के बाद बदमाश भाग निकले। हालांकि ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया …
तालगांव, सीतापुर। गांव में शनिवार की रात डकैती डालने आए डकैतों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके पति व देवर को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। वारदात के बाद बदमाश भाग निकले। हालांकि ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
सनसनीखेज वारदात की खबर पाकर एसपी आरपी सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। घटना के सिलसिले में सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इसी गांव में चोरी की भी एक घटना हुई है। जहां से चोरों ने लगभग तीन लाख का माल पार कर दिया है।
तालगांव कोतवाली क्षेत्र के अगरपुर मजरा बभनापुर गांव के रामहेत के घर में शनिवार की रात डकैतों ने धावा बोल दिया। डकैतों ने इनके घर से नकदी, जेवर आदि माल बटोर रहे थे। इस बीच किसी तरह रामहेत की पुत्री ममता को आहट हुई। उसने शोर मचाया।
शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और डकैती डालने आए बदमाश ने गोली मार दी। यह गोली ग्रह स्वामी की 38 वर्षीय पत्नी विनीता को लग गई। साथ ही बदमाशों ने तमंचे के बट से रामहेत व उसके भाई संतोष को भी जख्मी कर दिया।
डकैती करने के बाद बदमाश भागने लगे। शोरगुल व फायरिंग की आवाज सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने घेर कर एक बदमाश को दबोच लिया है। घटना के बाद गोली से जख्मी विनीता व अन्य लोगों को जिला अस्पताल लाया गया।
जहां विनीता की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि उसके पति व देवर का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया है। पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई भी कई की गई है। उसकी पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
खबर पाकर एसपी आरपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव दीक्षित, सीओ लहरपुर सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में सात अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। खास बात यह है कि इसी गांव में रात को ही गांव के सर्वेश के घर में भी तीन लाख की चोरी हो गई है। माना जा रहा है कि इन्हीं बदमाशों ने पहले सर्वेश के घर में भी चुपके से माल पार कर दिया है।
घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक राजीव दीक्षित का कहना है कि रामहेत के घर में कुछ बदमाश चोरी की घटना अंजाम दे रहे थे। तभी घर के लोगों ने उनको पकड़ने की कोशिश की। इस पर एक बदमाश ने हमला कर दिया।
जिसकी वजह से जख्मी विनीता की मौत हो गई। उसके पति और देवर की हालत ठीक है। उनका कहना है कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। देशराज नाम के एक आरोपी को पकड़ा भी गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़े-
West Bengal: मामूली-सी बात पर युवक ने की मां की गोली मारकर हत्या
