मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारियों को किया याद, कहा- शहीदों के सपनों को करेंगे साकार
खटीमा, अमृत विचार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि खटीमा राज्य आंदोलन की जननी है। शहीदों के सपनों को साकार किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में उत्तराखंड में इतना काम हुआ है, जो आज तक किसी भी सरकार में नहीं हुआ। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार …
खटीमा, अमृत विचार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि खटीमा राज्य आंदोलन की जननी है। शहीदों के सपनों को साकार किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में उत्तराखंड में इतना काम हुआ है, जो आज तक किसी भी सरकार में नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार खटीमा पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा फाइबर्स फैक्ट्री परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद पत्रकार वार्ता की। सीएम धामी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। इस अभिनव कार्यक्रम से बहुत ज्यादा नया सीखने को मिलता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के कार्यकाल को लेकर कहा कि विकास के एजेंडे में सभी कार्य चल रहे हैं। अगर प्रदेश के विकास कार्यों में सड़कों की ही बात करें तो खटीमा-टनकपुर मार्ग हो या खटीमा-रुद्रपुर-काशीपुर मार्ग का विकास, पूरे प्रदेश में 32 हजार करोड़ रुपयों से और भी सड़कों का निर्माण होने जा रहा है।
विकास में नंबर वन बनेगा खटीमा
खटीमा विधानसभा क्षेत्र के विकास के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि उनका हमेशा से यह मानना रहा है कि खटीमा आदर्श क्षेत्र बने और विकास में नंबर वन बने। पिछले वर्षों में विकास की जिन योजनाओं पर कार्य शुरू हुआ था, उनमें तेजी से कार्य हो रहा है। वर्तमान में खटीमा में केंद्रीय स्कूल, बस अड्डा, आईटीआई, नगर में सौंदर्यीकरण कार्यों के अलावा बाइपास भी बन रहा है।
हमेशा हर दिन शहीदों को नमन
एक सितंबर को खटीमा गोलीकांड की बरसी पर अब तक किसी भी मुख्यमंत्री के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में न आने और इस बार शामिल होने के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि वह तो शनिवार को खटीमा आगमन पर सबसे पहले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने शहीद स्मारक पहुंचे थे। वैसे भी शहीदों और उनके परिजनों का सम्मान सबसे पहले है। हमेशा हर दिन शहीदों को नमन है। वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, नानकमत्ता विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
