बरेली: परसाखेड़ा में 33 केवी का जंपर टूटा, 15 हजार घरों की बिजली गुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा में 33 केवी का जंपर टूटने से बिजली का संकट गहरा गया। इसके कारण करीब 15 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। रविवार सुबह तीन बजे किला उपकेन्द्र से जुड़े करीब एक दर्जन इलाकों में अंधेरा छा गया। दिन निकलने के बाद विद्युत अधिकारी कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे। …

बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा में 33 केवी का जंपर टूटने से बिजली का संकट गहरा गया। इसके कारण करीब 15 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। रविवार सुबह तीन बजे किला उपकेन्द्र से जुड़े करीब एक दर्जन इलाकों में अंधेरा छा गया। दिन निकलने के बाद विद्युत अधिकारी कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने बिजली के फाल्ट को ठीक किया। दोपहर बाद बिजली की सप्लाई बहाल हो सकी लेकिन देर रात तक कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही।

रविवार की सुबह किला उपकेन्द्र में आ रही बिजली की बड़ी लाइन का परसाखेड़ा में रोड नंबर 1 के पास 33 केवी का जंपर टूटने से क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। सुबह बिजली जाने से लोगों की नींद खराब हुई तो उपकेन्द्र पर फोन कर कटौती की जानकारी ली। इसके बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि परसाखेड़ा में 33 केवी का जंपर टूटने से बिजली कटौती हुई।

सुबह करीब तीन बजे से थाना किला, साहूकारा, फूटा दरवाजा, खन्नू मोहल्ला, जसोली, रेती मोहल्ला, गुलाबनगर, गढय्या, मोतीलाल बजरिया, बाकरगंज नीम की चढ़ाई, लाल मस्जिद, मलूकपुर समेत किला उपकेन्द्र के सभी फीडर बंद होने से बिजल गुल हो गई। सूचना मिलने पर एसडीओ जसीम अख्तर, जेई सुनील कुमार अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचे और करीब 12 बजे के बाद सप्लाई को बहाल कराया। हालांकि दोपहर बाद बिजली आने के बाद भी लोगों की समस्या कम नहीं हुई। देर रात तक कई मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही।

गर्मी के कारण बढ़ गया है लोड
इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। ऐसे में लोग घरों में कूलर, एसी पंखा आदि चला रहे हैं। इससे ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ गया है लेकिन गर्मी में ट्रांसफार्मरों की क्षमता नहीं बढ़ाई गई है। इससे आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं।

शहर के बड़े हिस्से में ट्रिपिंग से आपूर्ति लड़खड़ाई
किला उपकेन्द्र समेत शहर के अन्य इलाकों में भी रविवार को बिजली का संकट रहा। ट्रिपिंग से लोगों को रविवार को भी राहत नहीं मिली। सुभाष नगर, नेकपुर, बदायूं रोड, सीबीगंज, जखीरा, पुराना शहर, शाहदाना समेत शहर के बड़े हिस्से में ट्रिपिंग जारी रही। लोगों के मुताबिक दस मिनट की आपूर्ति के बाद बिजली आती-जाती रही, जिससे संकट का सामना करना पड़ा।

संबंधित समाचार