सुरजेवाला बोले- तीनों कानून किसान विरोधी, पुलिस ने लिया हिरासत में
नई दिल्ली। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे कांग्रेस महासचिव तथा संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान सुरजेवाला ने कहा कि यह तीनों कानून किसान विरोधी और पूंजीपतियों के हित में है इसलिए सरकार को इन्हें तत्काल वापस …
नई दिल्ली। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे कांग्रेस महासचिव तथा संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान सुरजेवाला ने कहा कि यह तीनों कानून किसान विरोधी और पूंजीपतियों के हित में है इसलिए सरकार को इन्हें तत्काल वापस लेना चाहिए।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुरजेवाला तथा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं को मंदिर मार्ग पर पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता कृषि संबंधी कानूनों को किसान विरोधी बताकर सरकार से उन्हें वापस लेने की मांग कर रहे है।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन परिसर के गेट तक पहुंचे जिसके बाद पुलिस ने पार्टी के कुछ नेताओं को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी जो ट्रैक्टर चला रहे थे उस पर उनके साथ राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, प्रताप सिंह बाजवा और पार्टी के कुछ अन्य सांसद बैठे थे।
इस ट्रैक्टर के आगे एक बैनर भी लगा था जिस पर ”किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानून वापस लो – वापस लो” लिखा हुआ था। तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के प्रति समर्थन जताने वाले राहुल गांधी ने कहा, ”दो-तीन बड़े उद्योगपतियों के लिए ये कानून लाए गए हैं।
यह बात पूरा देश जानता है। इन कानूनों को वापस लेना पड़ेगा।” कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी के साथ मौजूद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा, भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. और कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
राहुल गांधी ऐसे समय पर कृषि कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन परिसर के नजदीक पहुंचे, जब किसान जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि दिल्ली से लगे टिकरी बॉर्डर, सिंघू बॉर्डर तथा गाजीपुर बॉर्डर पर किसान पिछले साल नवम्बर से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
लोकसभा में लगे ‘तानाशाही बंद करो’ के नारे, सदन की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
