मुरादाबाद: बाढ़ के पानी में नहाने गया किशोर डूबा, मौत, मचा कोहराम
मुरादाबाद,अमृत विचार। खेत में भरे बाढ़ के पानी में दोस्तों संग नहाने गया गंभीर हालतगया। साथियों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचा दिया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे गंभीर हालत में बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उसकी मौत …
मुरादाबाद,अमृत विचार। खेत में भरे बाढ़ के पानी में दोस्तों संग नहाने गया गंभीर हालतगया। साथियों ने जब उसे डूबते देखा तो शोर मचा दिया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे गंभीर हालत में बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजन शव लेकर घर आ गए।
हादसा भोजपुर थाना क्षेत्र में इस्लाम नगर चौराहे से अक्का भीखनपुर होते हुए भोजपुर जाने वाले मार्ग पर हुआ। दरअसल इस मार्ग पर रामगंगा नदी में उफान आते ही सबसे पहले बाढ़ के हालात हो जाते हैं। पानी के कारण करीब एक दर्जन गांवों में जन-धन की हानि होती है। कमोवेश इस बार भी इस मार्ग में पड़ने वाले गांवों के ये ही हालात हैं।
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद काफिराबाद और अक्का भीखनपुर के बीच सड़क पर रामगंगा नदी में उफान आते ही जबरदस्त पानी आ गया। इसका बहाव इतना तेज था कि जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित होती। तीन दिन तक राहगीर जान जोखिम में डाल कर इधर से गुजरते रहे। दो दिन से सड़क से पानी तो उतर गया है। लेकिन, खेतों में अभी भी कई फीट पानी भरा है।
रविवार को एक किशोर इस पानी की भेंट चढ़ गया। ग्राम अक्का भीखनपुर निवासी किसान मुहाफिज के अनुसार उनका एक बेटा सरताज (13) रविवार को आकिब और अरबाज के साथ खेतों में भरे बाढ़ के पानी में नहाने गया था। अचानक वह गहरे पानी में चला गया। उसके दोस्तों ने जब उसे गोते लगाते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके से गुजर रहे तमाम ग्रामीण भी आ गए।
उन्होंने आनन-फानन में पानी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद आखरकार उसे बाहर निकाल लिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। वहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। चौकी प्रभारी बीके शर्मा का कहना है कि हादसे की सूचना फिलहाल चौकी या थाने में नहीं दी गई है।
छह दिन पहले भी डूबे थे दो बच्चे
बाढ़ के इस पानी में छह दिन पहले भी बड़ा हादसा होते-होते बचा था। ग्रामीणों के अनुसार छह दिन पहले पानी का बहाव कम था। लेकिन, निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण दोनों तरफ के खेतों में काफी पानी था। इस बीच अक्का गांव में रहने वाले छह साल के अमष समेत दो बच्चे सड़क पर नहाने आ गए।
नहाते समय वे खेतों में भरे गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख राहगीरों को पार करा रहे युवक उधर दौड़ पड़़े। उन्होंने बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना था कि दो साल पहले शमशाद नाम का किशोर भी नहाने आया था। गहरे पानी में डूबने के कारण उसकी भी मौत हो गई थी।
