बरेली: मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही, बीएलओ पर कार्रवाई शुरू
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां निर्वाचन आयोग ने शुरू कर दी हैं। आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य कराने के लिए शिक्षामित्र, सहायक अध्यापकों की ड्यूटी लगायी गयी है लेकिन ये …
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियां निर्वाचन आयोग ने शुरू कर दी हैं। आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य कराने के लिए शिक्षामित्र, सहायक अध्यापकों की ड्यूटी लगायी गयी है लेकिन ये लोग अपनी ड्यूटी लापरवाही से कर रहे हैं।
इसका असर मतदाता पुनरीक्षण कार्य पर पड़ रहा है। नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए चलाए जा रहे पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही से निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य पूरा होते नहीं दिख रहा है। लापरवाही बरतने वाले सौ से अधिक बीएलओ (बूथ लेवल ऑफीसर) का वेतन रोकने के पूर्व में आदेश दिए जा चुके हैं। मंगलवार को भी तीन बीएलओ के वेतन आहरण पर रोक लगायी गयी।
बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बल्ली के शिक्षामित्र राजेश कुमार, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चकदहा भगौतीपुरा के शिक्षामित्र लेखपाल गंगवार और प्राथमिक विद्यालय बहरोली के सहायक अध्यापक असित शुक्ला का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोक दिया गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह ने बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की।
जिसमें बीएलओ द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के आदेश की अवहेलना, निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य न करने का मामला सामने आया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बीएलओ के लापरवाही बरतने के लगातार मामले सामने आने के बाद सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
