बनबसा: अब प्रतिदिन 20 व्यापारी बिना कोविड रिपोर्ट आ-जा सकेंगे कंचनपुर
बनबसा, अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र के व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है। व्यापार मंडल की पहल पर कंचनपुर प्रशासन ने बनबसा के व्यापारियों को बिना रोक-टोक आवागमन की छूट दे दी है। अब 20 व्यापारी व्यापार के सिलसिले में रोजाना नेपाल के कंचनपुर के लिए आवागमन कर सकेंगे। बता दें कि कोरोना संक्रमणकाल से भारत-नेपाल …
बनबसा, अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र के व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है। व्यापार मंडल की पहल पर कंचनपुर प्रशासन ने बनबसा के व्यापारियों को बिना रोक-टोक आवागमन की छूट दे दी है। अब 20 व्यापारी व्यापार के सिलसिले में रोजाना नेपाल के कंचनपुर के लिए आवागमन कर सकेंगे।
बता दें कि कोरोना संक्रमणकाल से भारत-नेपाल के बीच आवागमन पूरी तरह बंद हो गया था, जिससे बनबसा के व्यापार पर विपरीत असर पड़ा था। हालांकि संक्रमण का असर कम होने पर दोनों देशों के नागरिकों का आवागमन शुरू हुआ, लेकिन नेपाल प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए भारतीय नागरिकों के बिना कोरोना जांच रिपोर्ट के नेपाल आने पर रोक लगा दी, जबकि नेपाली नागरिकों का बनबसा आना-जाना बदस्तूर जारी रहा।
उधर, नेपाल प्रशासन की प्रक्रिया बेहद जटिल होने के कारण सीमांत के व्यापारी नेपाल नहीं जा पा रहे थे, जिससे उनकी व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थी। इस पर बनबसा व्यापार मंडल काफी समय से नेपाल प्रशासन से व्यापारियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रयासरत था। व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी ने बताया कि उन्होंने कई बार नेपाल के सीमांत जिले के अधिकारियों के साथ ही भारत के शासन-प्रशासन से आवागमन सुगम बनाने की मांग की थी, जिस पर आखिरकार सफलता मिल गई।
उन्होंने बताया कि करीब तीन दिन पूर्व व्यापार मंडल महामंत्री अभिषेक गोयल, हेमेंद्र सिंह रावत, संजय ठाकुर, लोकेश पारिक आदि ने कंचनपुर के सीडीओ रामप्रसाद पांडे व एसपी उमाकांत चतुर्वेदी से भेंट कर व्यापारियों की आवाजाही सुगम बनाने की मांग की, जिस पर कंचनपुर प्रशासन ने रोजाना 20 व्यापारियों के आवागमन की छूट दे दी। अध्यक्ष ने बताया कि जिन 20 व्यापारियों की सूचना व्यापार मंडल कंचनपुर प्रशासन को देगा, वही व्यापारी बिना रोक-टोक आवागमन कर सकेंगे।
उन्हें कोरोना जांच रिपोर्ट भी नहीं दिखानी होगी। वहीं, सीमांत के व्यापारियों ने इस छूट पर खुशी जताई है। व्यापारी सूरज रौतेला, हर्षित गोयल, विजय जोशी, मो.रफी अंसारी समेत तमाम व्यापारियों का कहना है कि उनका नेपाल से काफी पुराना व्यवसायिक रिश्ता है। नेपाल प्रशासन की सख्ती की वजह से व्यापार गति नहीं पकड़ पा रहा था। उम्मीद जताई कि अब व्यावसायिक गतिविधियां पहले की तरह सामान्य हो जाएंगी।
