बरेली: एनओसी में फंसी एयरपोर्ट की बिजली, नहीं बिछी भूमिगत लाइन
बरेली, अमृत विचार। एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए 8 मार्च से हवाई सेवा शुरू हो चुकी है। अब 12 अगस्त से मुंबई और 14 अगस्त से बेंगलुरू के लिए उड़ान शुरू हो रही है लेकिन एयरपोर्ट की विद्युत व्यवस्था अभी तक दुरुस्त नहीं हुई। एयरपोर्ट को रोशन करने के लिए दोहना सब स्टेशन से होने …
बरेली, अमृत विचार। एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए 8 मार्च से हवाई सेवा शुरू हो चुकी है। अब 12 अगस्त से मुंबई और 14 अगस्त से बेंगलुरू के लिए उड़ान शुरू हो रही है लेकिन एयरपोर्ट की विद्युत व्यवस्था अभी तक दुरुस्त नहीं हुई। एयरपोर्ट को रोशन करने के लिए दोहना सब स्टेशन से होने वाली विद्युत आपूर्ति पर वन विभाग और रेलवे ने अड़ंगा फंसा दिया है।
दोनों विभागों ने विद्युत विभाग को अभी तक एनओसी नहीं दी है, इसकी वजह से वन भूमि व रेलवे क्रासिंग के नीचे से हाईटेंशन लाइन नहीं बिछायी जा सकी है। जबकि विद्युत विभाग एनओसी का 15 लाख रुपये जमा कर चुका है। अब दो शहरों के लिए उड़ानें और शुरू होने पर जिला प्रशासन भी सकते में आ गया है।
वन विभाग को जल्द एनओसी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने दोहना सब स्टेशन से एयरपोर्ट तक 13 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाने और सब स्टेशन बनाने के लिए 9.58 करोड़ रुपये का आगणन बनाया था। दोहना सब स्टेशन से एयरपोर्ट तक 33 केवी लाइन बिछेगी।
बताते हैं कि 13 किलोमीटर लंबी हाईटेंशन लाइन का तार बिछाने में एक जगह रेलवे लाइन के नीचे से भी लाइन गुजरेगी। करीब डेढ़ मीटर एरिया में भूमिगत लाइन बिछाने के लिए रेलवे की एनओसी का इंतजार है। बताया जाता है कि एयरपोर्ट में भरपूर रोशनी रखने के लिए करीब 500 केवीए का कनेक्शन होना है। पांच-पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे।
चार विभाग संभाल रहे हैं जिम्मेदारी
दोहना सब स्टेशन से लाइन बिछाए जाने से एयरपोर्ट रोशन करने तक का काम बिजली महकमे के चार उप विभाग संभाल रहे हैं। सब स्टेशन बनाने का काम सिविल डिवीजन कर चुका है। बिजली कनेक्शन देने का काम ट्रांसमिशन विभाग करेगा। लाइन बिछाने की जिम्मेदारी माध्यमिक और डिस्ट्रीब्यूशन विभाग की जिम्मेदारी मीटर लगाने और बिलिंग की होगी।
- 9.58 करोड़ रुपये का बजट
- 23 लाख रुपये है सिक्योरिटी मनी के साथ कनेक्शन फीस
- 9.81 करोड़ रुपये कुल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया जमा करा चुका
- 13 किलोमीटर लंबी लाइन बिछेगी
जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल राजेंद्र सिंह ने बताया कि एनओसी मांगने के संबंध में जो भी आवेदन आता है, उसकी जांच के बाद एनओसी दे जाती है, एयरपोर्ट के मामले में जानकारी नहीं है।
विद्युत शहर अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि एयरपोर्ट तक अंडरग्राउंड केबिल पीलीभीत रोड पर मयूर वन चेतना से लेकर दोहना सब स्टेशन तक बिछेगी। डीएम ने डीएफओ को आदेश दिए हैं कि जल्द से एनओसी जारी करें।
शीघ्र एयरपोर्ट तक भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने का कार्य करें
जिलाधिकारी नितीश कुमार की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई जिसमें जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि बरेली एयरपोर्ट के अंदर भूमिगत केबिल डालने का कार्य जल्द पूरा कर लें तब विद्युत अधिकारियों ने बताया कि अभी तक वन विभाग से एनओसी नहीं मिली है। इस पर डीएम ने डीएफओ को फोन कर तत्काल एनओसी जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मुंबई और बेंगलुरू के लिए भी उड़ान शुरू होने वाली हैं। विद्युत संबंधी जो भी कार्य रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता में पूरा कर लें।
