सीतापुर: मुकदमे में हार से नाराज युवक ने बुजुर्ग को पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट
तालगांव, सीतापुर। न्यायालय में चल रहे जमीनी विवाद के मुकदमे में ‘हार’ से नाराज एक युवक ने गुरुवार की देर रात अपने विरोधी की लकड़ी के पाटे से पीट कर हत्या कर दी और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। वारदात अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन घटना की खबर पाकर मौके …
तालगांव, सीतापुर। न्यायालय में चल रहे जमीनी विवाद के मुकदमे में ‘हार’ से नाराज एक युवक ने गुरुवार की देर रात अपने विरोधी की लकड़ी के पाटे से पीट कर हत्या कर दी और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। वारदात अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन घटना की खबर पाकर मौके पर पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने वारदात अंजाम देने की बात भी कबूल कर ली है। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हत्या की यह सनसनीखेज वारदात तालगांव कोतवाली क्षेत्र के पखनियापुर गांव की है। यहां के निवासी जोखन पास (64) पुत्र कंधई का जमीनी विवाद गांव की ही राजरानी पत्नी सियाराम से चल रहा था। इस जमीनी विवाद में दोनों पक्षों का मुकदमा न्यायालय में चल रहा था। इस बीच मुकदमा लड़ रही राजरानी की मृत्यु हो चुकी है। जिसके चलते मुकदमे की पैरवी उसका बेटा मनोज व अन्य लोग कर रहे थे।
सूत्र बताते हैं कि 4 दिन पूर्व ही न्यायालय ने इस जमीनी विवाद का निपटारा करते हुए जोखन के पक्ष में फैसला सुनाया था। न्यायालय से मुकदमे में हार मिलने के बाद राजरानी का बेटा मनोज आग बबूला हो गया। वह असलहे से लैस होकर गुरुवार की देर रात जोखन पासी के घर जा धमका।
जहां उसने जमीनी विवाद को लेकर ही लकड़ी के पाटे से ताबड़तोड़ हमला कर जोखन की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की और वहां से निकल भागा। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हत्या की खबर पाते ही तालगांव पुलिस के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
आनन-फानन में पुलिस टीम गांव पहुंची और मौका-ए-वारदात की सघनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी, कि इसी बीच आरोपी मनोज पुलिस के सामने आ गया और उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। सूत्रों का कहना है कि मनोज ने वारदात अंजाम देने की बात भी कबूल कर ली है।
पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने गई। घटना के सम्बन्ध में मृतक के भतीजे मन्नू लाल पुत्र मोहन की तहरीर पर पुलिस ने मनोज पुत्र सियाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तालगांव प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े-
Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम ने आयरलैंड को हराया, उम्मीदें कायम
