गोरखपुर: डेढ़ घंटे की बारिश, डूब गया शहर, घरों व दुकानों में घुसा पानी
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में गुरुवार को झमाझम बारिश ने एक बार फिर शहर को डूबो दिया। महज डेढ़ घंटे की बारिश में आधा शहर पानी से घिर गया। शहर के लगभग सभी मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए। बारिश धीमी होते ही नगर निगम की टीम …
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में गुरुवार को झमाझम बारिश ने एक बार फिर शहर को डूबो दिया। महज डेढ़ घंटे की बारिश में आधा शहर पानी से घिर गया। शहर के लगभग सभी मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए। बारिश धीमी होते ही नगर निगम की टीम एक बार फिर सड़कों पर दौड़ती नजर आई। हालांकि उन इलाकों में समस्याएं और भी अधिक बढ़ गई, जहां पहले से बारिश का पानी जमा हुआ था। शहर के मुख्य मार्गों और बाजार में सड़कों से लेकर दुकानों तक में पानी भर गया
डूब गए यह इलाके
शहर के बैंक रोड, गोलघर से लेकर रेती रोड, घोषकंपनी, बक्शीपुर, साहबगंज, मिर्जापुर, लालडिग्गी, गोरखनाथ, नथमलपुर, विकास नगर, विस्तार नगर, रामजानकीनगर, बशारतपुर, भेडियागढ़, विष्णुपुरम, असुरन, मेडिकल रोड, मोहदृदीपुर, कूड़ाघाट, सिंघड़िया, दाउदपुर, तारामंडल रोड आदि इलाका पूरी तरह पानी में डूब गया। इस दौरान बारिश रूकने के बाद भी करीब ण्क लाख से अधिक की आबादी सड़कों पर पानी जमा होने की वजह से घरों में कैद हो गयी।
मोहल्लों की हालत बद से बदतर हो गई। शहर के करीब दर्जन भर इलाकों के घरों और मकानों के अंदर पानी घुस गया। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर करीब एक बजे बारिश की रफ्तार कम होते ही नगर निगम की टीम हरकत में आ गई। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि टीम शहर के नालों की सफाई के साथ ही जलभराव वाले इलाकों में काम कर रही है। जिस इलाकों में पानी जमा है, वहां पंपिंग सेट के जरिए पानी निकाला जा रहा। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
