बरेली: दुल्हन ही दहेज भूले, लगातार बढ़ रहे दहेज उत्पीड़न के मामले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सख्त से सख्त कानून बने, जागरूकता अभियान भी चले, लेकिन दहेज उत्पीड़न एक ऐसा अभिशाप है जो आज भी जिंदा है। कोई शादी करने से पहले दहेज की मांग करता है तो सगाई करके दहेज की रकम बढ़ा देता है। शादी के बाद भी दहेज की मांग लगातार कई लोग कर रहे …

बरेली, अमृत विचार। सख्त से सख्त कानून बने, जागरूकता अभियान भी चले, लेकिन दहेज उत्पीड़न एक ऐसा अभिशाप है जो आज भी जिंदा है। कोई शादी करने से पहले दहेज की मांग करता है तो सगाई करके दहेज की रकम बढ़ा देता है। शादी के बाद भी दहेज की मांग लगातार कई लोग कर रहे हैं। कहीं दहेज की खातिर मांग पूरी न होने पर महिलाओं को पीटकर घर से निकाल दिया जाता है तो आज भी कई महिलाओं को दहेज हत्या का शिकार बनना पड़ रहा है। महिला सुरक्षा के लिए बने इस कानून का कुछ लोगों ने दुरुपयोग किया तो तुरंत गिरफ्तारी पर भी रोक लगा दी गई। कुछ झूठे लोगों के चलते अब इससे सच में पीड़ित महिलाओं को इंसाफ के लिए भटकना पड़ रहा है और उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। इस समय में एसएसपी ऑफिस में रोजाना पहुंचने वाले मामलों में 30 फीसदी घरेलू हिंसा और दहेज के होते हैं।

केस एक

50 हजार बाइक न देने पर घर से निकाला
बरेली, सिविल लाइंस की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 2019 में बिहारीपुर के रहने वाले टिंकू के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालवालों ने उससे दहेज में 50 हजार की नकदी और बाइक कीं मांग करना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। इसके बाद कुछ दिन पहले पति ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने टिंकू समेत चर लोगों के खिलाफ दहेज अधिनियम और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।

केस दो

बीस लाख खर्च कराने के बाद भी मांगा दहेज
बरेली, इज्जतनगर के मुड़िया अहमद नगर निवासी रीमा यादव की शादी बिथरी के अहियापुर निवासी शेखर यादव के साथ हुई थी। शादी में 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बाद भी दहेज की मांग होती रही। मांग पूरी न होने पर उसे भूखा प्यासा रखकर पीटा गया। बाद में पति ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

केस तीन

सगाई कर दहेज में मांगे 50 लाख, तोड़ा रिश्ता
बरेली, जिले की रहने वाले एक ग्राम पंचायत अधिकारी ने बेटी का रिश्ता मेरठ में रहने वाले कस्टम अफसर लोकेश से हुआ था। शादी पक्की करते हुए सगाई कर दी। सगाई में उन्होंने इनोवा कार देने के साथ साथ 24 लाख रुपये खर्च किए। अब आरोपी दहेज में 50 लाख रुपए की मांग कर रहे है। मांग पूरी न होने पर उन्होंने उनकी बेटी से शादी करने से इनकार करते हुए रिश्ता तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी ने बताया कि जिले में 110 से 150 शिकायतें रोज आती हैं। इन शिकायतों में 30 फीसदी मामले घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के होते हैं। इनमें समझौता कराने का प्रयास करते हुए उन्हें पुलिस परामर्श केंद्र में भेजा जाता है। जहां उनके बीच में बातचीत कराकर मनमुटाव दूर करने का प्रयास होता है। इसके चलते कई लोगों के परिवार टूटने से बिखर जाते हैं।

इसे भी पढ़ें…

बरेली: जल्द ही हवाई सेवा के जरिए लखनऊ से भी जुड़ेगा बरेली एयरपोर्ट

 

संबंधित समाचार