बरेली: प्रधान जी ‘पास’ तो मिलेगा 12 लाख का पुरस्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना में यदि कोई भी ग्राम प्रधान 12 लाख रुपए का पुरस्कार जीतना चाहता है तो उसे ऑनलाइन 100 सवालों के जवाब देने होंगे। ये सवाल स्वास्थ्य, कोरोना, स्वच्छता और प्रशासन आदि से जुड़े होंगे। मूल्यांकन के दौरान स्वच्छता में सबसे अधिक 20 अंक मिलेंगे। इसके लिए 15 अगस्त …

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना में यदि कोई भी ग्राम प्रधान 12 लाख रुपए का पुरस्कार जीतना चाहता है तो उसे ऑनलाइन 100 सवालों के जवाब देने होंगे। ये सवाल स्वास्थ्य, कोरोना, स्वच्छता और प्रशासन आदि से जुड़े होंगे। मूल्यांकन के दौरान स्वच्छता में सबसे अधिक 20 अंक मिलेंगे। इसके लिए 15 अगस्त तक ‘हमारी पंचायत पोर्टल’ पर पंचायतों को डाटा अपलोड करना होगा। लेकिन लगातार दो बार पुरस्कार प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान आवेदन नहीं कर सकेंगे।

विभागीय अफसरों का कहना है कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 में बजट की अलग से व्यवस्था की गई है। पुरस्कार के लिए चयनित होने वाली ग्राम पंचायतों के प्रधानों को वित्तीय वर्ष 2021-21 में कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा ऑनलाइन सवालों के जवाब में देना होगा। जिले के सभी 1193 ग्राम पंचायतों में से सिर्फ पांच का चयन किया जाएगा। पुरस्कार के लिए चयनित होने वाली पंचायतों के प्रधानों को ऑनलाइन 100 सवालों के जवाब देने होंगे। इसमें सबसे अधिक 20 अंक स्वच्छता के होंगे। मूल्यांकन के लिए आने वाली टीम स्वच्छता की जांच करेगी।

उसके बाद 20 अंक नियोजित विकास के रखे गए हैं। तीसरे नंबर पर कोविड-19 प्रबंधन के 16 अंक हैं। बेहतर सुशासन के 18 अंक, सामाजिक सौहार्द एवं सहभागिता के 14 अंक और पर्यावरण सुरक्षा के 12 अंक होंगे। मूल्यांकन के दौरान 45 फीसदी से अधिक अंक मिलने पर ग्राम पंचायत पुरस्कार की दौड़ में शामिल होगी। इसके बाद पुरस्कार की वरीयता तय की जाएगी। चयनित ग्राम पंचायतों को 12 से तीन लाख रुपये तक पुरस्कार राशि मिलेगी।

समिति करेगी प्रधानों का चयन
सभी ग्राम पंचायतों से आवेदन आने के बाद शासन द्वारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चयन समिति का गठन किया गया है। इसमें सीडीओ उपाध्यक्ष तो डीपीआरओ सदस्य सचिव होंगे। सीएमओ, डीडीओ, डीएसटीओ और एडीपीआरओ को सदस्य नामित किया गया है। ये सभी सदस्य प्रधानों का चयन करेंगे।

धर्मेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी नौ ब्लॉकों से पांच ग्राम पंचायतों के प्रधानों को पुरस्कार देने के लिए चयन किया जाएगा। मूल्यांकन के दौरान 45 फीसद से अधिक अंक मिलने पर ग्राम पंचायत मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार की दौड़ में शामिल होंगी। अंकों के आधार पर पुरस्कार की वरीयता तय होगी।

इसे भी पढ़ें…

बरेली: सैंपलिंग आधी, तीसरी लहर से लड़ाई की तैयारी का दावा

संबंधित समाचार