हरदोई: मारपीट में घायल मजदूर की मौत, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। पुरानी रंजिश में शुक्रवार को मारपीट में घायल मजदूर की उपचार के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। कार्रवाई न होने से नाराज स्वजन ने रविवार को शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। काफी देर हंगामा चलता रहा, सीओ ने समझा बुझाकर उन्हें शांत किया। हरियाणा थाना क्षेत्र के ग्राम उचवल निवासी कमलेश …

हरदोई। पुरानी रंजिश में शुक्रवार को मारपीट में घायल मजदूर की उपचार के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। कार्रवाई न होने से नाराज स्वजन ने रविवार को शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। काफी देर हंगामा चलता रहा, सीओ ने समझा बुझाकर उन्हें शांत किया। हरियाणा थाना क्षेत्र के ग्राम उचवल निवासी कमलेश मजदूरी करते थे। पिता रामचंद्र ने बताया कि गांव निवासी रक्षपाल से पुरानी रंजिश चल रही है। 30 जुलाई की सुबह पुत्र कमलेश मजदूरी करने के लिए जा रहा था। उसी समय रक्षपाल सहित चार लोगों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया।

गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से लखनऊ लेकर गए। लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान शनिवार शाम को उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह परिजन शव लेकर आए और मंसूरगनर-बेहटागोकुल मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दी। स्वजन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपितों पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिस कारण उन्होंने जाम लगाई। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही शव हटाने की बात कही। सूचना पर थाना प्रभारी अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे और समझा बुझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन नहीं माने।

इसके बाद सीओ हरियावां शिवराम कुशवाहा ने स्वजन को हत्यारोपितों पर कड़ी कार्रवाई और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया, जिससे स्वजन शांत हुए और शव को सड़क से हटाया। पुलिस की मौजूदगी में स्वजन ने शव का अंतिम संस्कार किया। वहीं तहरीर के आधार पर पुलिस ने रक्षपाल, भरोसे, धर्मपाल और अखिलेश पर 30 जुलाई को मारपीट की एफआईआर दर्ज की थी। रविवार को पुलिस ने गैर इरादतन हत्या में एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार