हल्द्वानी: चोरी की बाइक से दिया चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम, पुलिस ने किया खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्दूचौड़ में वृद्धा के साथ हुई चेन स्नेचिंग को तीन शातिर बदमाशों ने अंजाम दिया था। चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने रेलवे बाजार से एक बाइक पर हाथ साफ किया था। इसके बाद चोरी की बाइक को मॉडिफाई कर स्नेचिंग की वारदात की। पुलिस ने वारदात …

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्दूचौड़ में वृद्धा के साथ हुई चेन स्नेचिंग को तीन शातिर बदमाशों ने अंजाम दिया था। चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने रेलवे बाजार से एक बाइक पर हाथ साफ किया था। इसके बाद चोरी की बाइक को मॉडिफाई कर स्नेचिंग की वारदात की। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्षेत्र में दो दिन के भीतर स्नेचिंग की दो वारदातों से लालकुआं पुलिस हिल गई थी। 48 घंटे के भीतर दो वारदात होने के बाद पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। ताबड़तोड़ अपराध को देखते हुए ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और स्नेचिंग के घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आखिरकार बाइक और संदिग्धों का सुराग लगाते हुए पुलिस के हाथ रविवार की शाम बदमाशों के गिरेबां तक जा पहुंचे। पुलिस ने वारदात की जांच-पड़ताल की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।

सीओ सिटी प्रमोद कुमार शाह ने बताया कि तीन बदमाशों ने 27 जुलाई को रेलवे बाजार निवासी द्वारका प्रसाद की घर के बाहर खड़ी बाइक चुरा ली। पकड़े जाने के डर से बाइक की नंबर प्लेट बदल दी। इसके साथ ही बाइक का रंग-रूप भी बदल दिया। इसके बाद बदमाशों ने चोरी की इसी बाइक से 31 जुलाई को हल्दूचौड़ में वृद्ध पार्वती जोशी के गले से चेन लूट ली। आरोपियों ने इससे एक दिन पहले भी चेन स्नेचिंग को अंजाम दिया। हालांकि लुटेरों के हाथ लगी चेन नकली थी। सीओ ने बताया कि लालकुआं निवासी आरोपी गुड्डू पासवान, किच्छा निवासी विष्णु प्रसाद पासवान और अनूप कुमार के खिलाफ चोरी और लूट की रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। तीनों आरोपी दोस्त हैं।

वारदात से पहले करते थे रैकी
पकड़े गए बदमाश काफी शातिर हैं। इन्होंने चोरी और लूट की वारदातों से पहले अच्छी तरह रैकी की थी। तीनों ने रैकी के बाद रेलवे बाजार से बाइक पर हाथ साफ किया। स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने से पहले भी रैकी की थी। बदमाशों के एक साथी ने पीड़ित महिला और घटनास्थल के आसपास रैकी की। बदमाश ने महिला को बातों में उलझाए रखा। जबकि दो बदमाश बाइक पर पीछे से आए और चेन लूट ली।

चोरी की बाइक किच्छा में कराई थी मॉडिफाई
हल्द्वानी। पकड़े गए बदमाशों ने शातिराना तरीके से दोनों वारदातों को अंजाम दिया था। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों ने किच्छा में बाइक मॉडिफाई कराई थी। पुलिस बाइक मॉडिफाई करने वाले की भूमिका की भी जांच करेगी।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
हल्द्वानी। पुलिस पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि पता किया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले भी आपराधिक घटनाओं में तो शामिल नही थे। इसके लिए जिला और राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो से जानकारी मांगी गई है। पुलिस नैनीताल के साथ ही अन्य जिलों में भी आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है।

पुलिस टीम में ये थे शामिल
कोतवाल संजय कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह, उपनिरीक्षक अजेंद्र प्रसाद, कृपाल सिंह, मनोज कुमार, चंद्रशेखर जोशी, आरक्षी तरुण मेहता, रमेश नाथ, दयाल नाथ।

संबंधित समाचार