सीतापुर: जमीन के विवाद ने ले ली चिकित्सक की जान, तलवार से ताबड़तोड़ वार कर की हत्या
सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर अपने क्लीनिक में बैठे एक चिकित्सक की तलवार से काट कर हत्या कर दी गई। बेरहमी से कत्ल करने के बाद आरोपी भाग रहा था लेकिन पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे दबोच लिया। चिकित्सक के बचाव में दौड़े उनके पिता पर भी हत्यारोपी ने …
सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर अपने क्लीनिक में बैठे एक चिकित्सक की तलवार से काट कर हत्या कर दी गई। बेरहमी से कत्ल करने के बाद आरोपी भाग रहा था लेकिन पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे दबोच लिया।
चिकित्सक के बचाव में दौड़े उनके पिता पर भी हत्यारोपी ने तलवार से हमला किया, जिससे वह भी घायल हुए हैं। उनका हरगांव सीएचसी में इलाज कराया गया है। घटना की खबर पाकर एसपी आरपी सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। वारदात के पीछे जमीनी रंजिश का मामला बताया जा रहा है।
हरगांव थाना क्षेत्र के मुद्रासन गांव निवासी चिकित्सक मुनींद्र प्रताप वर्मा (45) पुत्र गजोधर वर्मा पेशे से चिकित्सक थे। उनका हरगांव-लहरपुर मार्ग पर मुद्रासन में ही मां कमला हॉस्पिटल के नाम से क्लीनिक है। रोजमर्रा की तरह मंगलवार की दोपहर वह अपने क्लीनिक में बैठे मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी बीच उनके गांव का ही निवासी अच्छेलाल पुत्र कामता प्रसाद क्लीनिक पर जा धमका। उसके हाथ में तलवार थी। उसने बिना कुछ सोचे समझे डॉक्टर पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
डॉक्टर ने हाथों से बचाव करने की कोशिश की तो उनका एक हाथ पंजे से कटकर दूर जा गिरा। उनकी गर्दन और सिर पर तलवार से गहरे जख्म हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे पर हमला देख डॉक्टर के पिता गजोधर बचाव में दौड़े तो हमलावर ने उन पर भी तलवार से हमला कर दिया। हमले में वह भी घायल हुए हैं।
इस बीच शोरगुल सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भागने लगा। इसी बीच उधर से पुलिस टीम आ गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। हमले में जख्मी गजोधर का हरगांव में इलाज कराया गया। घटना को लेकर कहा जा रहा है कि डॉक्टर ने हत्यारोपी के पिता से जमीन खरीदी थी। उन्होंने जमीन का पैसा भी दे दिया था, लेकिन आरोपी इसके बाद भी उनसे पैसे की मांग कर रहा था।
सूत्र बताते हैं कि इसी बात को लेकर आरोपी ने डॉक्टर की हत्या कर दी है। हालांकि पुलिस घटना के कई पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की खबर पाकर एसपी आरपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव दीक्षित, सीओ सदर अभिषेक प्रताप, इंस्पेक्टर धर्म प्रकाश शुक्ला भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
