सितारगंज: नलई जंगल में बदमाशों के साथ मुठभेड़ में सिपाही घायल, दो बदमाश को पुलिस ने दबोचा
सितारगंज, अमृत विचार। जंगल किनारे हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके तीन साथी भाग निकले। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे और दो कारतूसों के साथ ही तीन बाइकें बरामद हुई हैं। मुठभेड़ में एक सिपाही घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज …
सितारगंज, अमृत विचार। जंगल किनारे हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके तीन साथी भाग निकले। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे और दो कारतूसों के साथ ही तीन बाइकें बरामद हुई हैं। मुठभेड़ में एक सिपाही घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को मुखबिर से मंगलवार को सूचना मिली कि कुछ बदमाश अंजानिया क्षेत्र में हथियारों के साथ घूम रहे हैं। इस पर कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने तीन टीमों का गठन कर उन्हें बदमाशों की तलाश में भेजा। एक टीम अंजनिया पहुंची तो मुखबिर ने बताया कि बदमाश नलई के जंगल में घूम रहे हैं। इस पर टीम ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलवाकर बदमाशों को नलई के जंगल के किनारे सरकारी ट्यूबवेल के पास घेर लिया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दो बदमाशों को दबोच लिया। जबकि तीन बदमाश एक सिपाही संजय के सिर पर तमंचे की बट मरकर भाग निकले। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसके सिर में पांच टांके आए। इधर, पुलिस ने बदमाशों द्वारा छोड़ी गईं तीन बाइकें बरामद कीं। गिरफ्तार बदमाश कुलदीप सिंह निवासी ग्राम पसैनी थाना नानकमत्ता के कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और दूसरे बदमाश लखविंदर सिंह निवासी टीला नंबर चार थाना हजारा जिला पीलीभीत (यूपी) कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा बरामद किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि फरार बदमाशों में ग्राम बिछुआ थाना नानकमत्ता का हरजिंदर सिंह उर्फ मिंदर, ग्राम पसैनी थाना नानकमत्ता का हरजिंदर उर्फ जिंदर और ग्राम पसैनी थाना नानकमत्ता का राजदीप उर्फ राजा शामिल हैं। फरार बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएसआई सुधाकर जोशी, एसआई धीरेंद्र सिंह परिहार, कांस्टेबल केशर सिंह मेहरा, बलवंत सिंह, मोहित वर्मा, राकेश मेलकानी, अशोक बोरा, किरण कुमार मेहता, संजय आदि थे।
कैप्शन – सितारगंज कोतवाली में पकड़े गए बदमाश और उनके पास से बरामद असलोह आदि के साथ पुलिस बल।
