हल्द्वानी: बीमा अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाले तीन ठग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस ने बीमा कंपनी और बीमा विनियामक और बीमा प्राधिकरण (आईआरडीए) के अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाले तीन ठगों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। ठगों से लैपटॉप, मोबाइल, नगदी व बीमा लेने वाले ग्राहकों का ब्योरा बरामद हुआ है। एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस ने बीमा कंपनी और बीमा विनियामक और बीमा प्राधिकरण (आईआरडीए) के अधिकारी बनकर लाखों की ठगी करने वाले तीन ठगों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। ठगों से लैपटॉप, मोबाइल, नगदी व बीमा लेने वाले ग्राहकों का ब्योरा बरामद हुआ है।

एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने गुरुवार को पुलिस बहुद्देश्यीय भवन में प्रेस वार्ता कर बताया कि राहुल शर्मा निवासी देवलचौड़ बंदोबस्ती ने पुलिस को तहरीर सौंप कर बताया था कि उनके पिता प्रीतम सिंह ने भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस की एम पॉलिसी 12 लाख रुपए की इसी साल जनवरी में परिपक्व हो गई थी।

पॉलिसी परिपक्व होने पर पिता ने गूगल से संबंधित इंश्योरेंस कंपनी का मोबाईल नंबर सर्च किया और उस पर कॉल की। इस पर दीपक सिंह नाम के एक युवक ने वार्ता हुई। दीपक ने धोखाधड़ी कर ठगों के नंबर आईआरडीए (बीमा विनियामक और बीमा प्राधिकरण) अधिकारी बता कर दे दिए और ठगों ने प्रीतम सिंह से आईआरडीए अधिकारी बनकर अलग-अलग नंबरों से वार्ता की।

बाद में पिता की मौत हो गई तो खुद राहुल ने उन नंबर पर वार्ता की। इन ठगों ने पॉलिसी की रकम देने के झांसा देकर कंपनी शुल्क के नाम पर छह लाख रुपए फैजल खान, रितेश कुमार और अंजूबी हरबलानी के निजी बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए। बाद में पॉलिसी की रकम नहीं आई तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उन्होंने बताया कि मामले की जांच एसआई संजीत राठौड़ को सौंपी गई। घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों की लोकेशन दिल्ली मिली।

इस पर एक पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई। टीम ने बुधवार की देर रात ठगों को दिल्ली के लक्ष्मी नगर दिल्ली  मैट्रो स्टेशन के पास डी ब्लाक स्थित बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से तीन ठगों मो. आदिल सिद्वीकी (29) पुत्र रियासुदीन सिद्वीकी निवासी जामिया नगर, सरफराज आलम (30) पुत्र हबीब अहमद निवासी भजनपुरा और फैजल खान (26) पुत्र जाहिद खान निवासी शाहीन बाग को गिरफ्तार किया।

ठगों के पास से घटना में इस्तेमाल लैपटॉप, मोबाईल फोन, एटीएम कार्ड, इंश्योरेंस कस्टमर डिटेल एवं ठगी की रकम  15,800 रुपए बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद फिरोज खान निवासी गांधीनगर  और आदर्श शुक्ला निवासी गांधी नगर के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है उनकी भी जांच की जा रही है । इसी के साथ बीमा ग्राहकों का ब्योरा ठगों तक कैसे मिला इसकी भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने पुलिस टीम को एक हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

उप्र, पंजाब और हरियाणा में भी कर चुके हैं ठगी 

पुलिस के अनुसार ठग बेहद शातिर किस्म के हैं। इन बदमाशों ने उत्तराखंड के अलावा उप्र, हरियाणा, पंजाब में भी ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल उनका क्राइम रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

आरोपियों से हुई बरामदगी 

छह मोबाईल फोन, 15,800 रुपए की नगदी, लैपटॉप, छोटा लैपटॉप, धोखाधड़ी कर ऐंठी गई रकम का हिसाब  रखने के लिए छोटे नोट पैड और चार बड़े रजिस्टर, बीमा लेने वाले ग्राहकों का ब्योरा, छह एटीएम कार्ड

पुलिस टीम में  ये रहे शामिल 

एसआई संजीत राठौड़, एचसीपी दीपक अरोरा, कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, भानु प्रताप,  सुंदर रौतेला आदि शामिल थे।

साइबर ठगों से बचाव 

1-सीधे संबंधित बीमा कंपनी, बैंक शाखा में जाकर संपर्क करें

2-टोल फ्री या सहायता केंद्र नंबर कभी भी मोबाइल  नंबर नहीं होता है

3-किसी भी किस्म का लेन देन करने से पूर्व संबंधित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से जरूर पूछताछ करें

 

संबंधित समाचार