हल्द्वानी: अब तक पुलिस कार्रवाई के दौरान आठ स्पा की संचालक मिली महिलाएं
हल्द्वानी, अमृत विचार। स्पा सेंटरों में देह व्यापार पकड़े जाने के बाद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। अधिकांश स्पा महिलाएं ही संचालित कर रही हैं। अब तक पुलिस आठ स्पा पर कार्रवाई कर चुकी है। सभी में महिलाएं संचालक पाई गईं। शहर में स्पा सेंटरों का धंधा फूलफल रहा है। शहर में ही दो …
हल्द्वानी, अमृत विचार। स्पा सेंटरों में देह व्यापार पकड़े जाने के बाद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। अधिकांश स्पा महिलाएं ही संचालित कर रही हैं। अब तक पुलिस आठ स्पा पर कार्रवाई कर चुकी है। सभी में महिलाएं संचालक पाई गईं।
शहर में स्पा सेंटरों का धंधा फूलफल रहा है। शहर में ही दो दर्जन से अधिक स्पा चल रहे हैं। स्पा के जरिये सेक्स रेकेट चलाने की शिकायत आम है। शिकायतों को देखते हुए स्पा सेंटर पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस पिछले तीन माह के दौरान आठ स्पा पर छापा मार चुकी है।
छापेमारी के दौरान स्पा में तमाम अनियमिताएं पकड़ी गई। इनमें से दो स्पा में देह व्यापार का भंडाफोड़ भी हो चुका है।
पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि इन सभी स्पा की संचालक महिलाएं हैं। कुछ स्पा में पुरुषों की साझीदारी में कारोबार चला रही हैं। पिछले तीन दिनों के भीतर जिन स्पा में देह व्यापार का भंड़ाफोड़ हुआ, उनकी संचालक भी महिलाएं ही थीं। इससे साफ होता है कि पुलिस के रडार पर आए स्पा सेंटर महिलाओं की आड़ में चल रहे हैं। महिलाओं के प्रति हो रहे अनैतिक व्यापार में महिलाएं ही साझीदार हैं।
स्पा सेंटरों पर कार्रवाई के दौरान पता चला कि संचालिका महिलाएं हैं। चिंताजनक है कि महिलाओं के प्रति अनैतिक व्यापार जैसे आपराधिक कृत्य में महिलाएं ही शामिल हैं। अब तक हुई आठ स्पा में कार्रवाई के दौरान महिला संचालक पाई गई हैं। आशंका है कि लगभग सभी स्पा महिलाओं के नाम पर ही संचालित हो रहे हैं।
-ललिता पांडेय, प्रभारी निरीक्षक, एएचटीयू
स्पा सेंटर के संचालकों की तलाश में जुटी पुलिस, देह व्यापार के आरोपियों को जेल, पीड़िताओं की काउंसलिंग
हल्द्वानी। पुलिस ने देह व्यापार में आरोपी स्पा सेंटर के तीन संचालकों की तलाश शुरू कर दी है। इनमें एक संचालक महिला भी शामिल है। जबकि देह व्यापार के आरोपी को कोर्ट पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पीड़िताओं की काउंसलिंग कराई जा रही है।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी युवक को कोर्ट पेश किया। जबकि वन स्टॉप सेंटर में पांचों पीड़िताओं की काउंसलिंग कराई गई। इसके साथ ही पीड़िताओं के परिजनों से संपर्क साधा गया। पुलिस ने बताया कि अब आरोपी संचालकों की तलाश की जा रही है। संचालकों के अलावा मौके से फरार हुई एक महिला की भी तलाश की जा रही है। यह वही महिला है, जिसे काठगोदाम जंगल स्पा में कार्रवाई के दौरान रेस्क्यू किया गया था। छूटने के बाद महिला नाइंटीन स्पा में चली गई। इससे पहले देर रात पुलिस ने देह व्यापार में संचालक समेत चार के खिलाफ अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की। इसकी जांच निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी को सौंपी गई है।
