अमरोहा: झोलाछाप के इलाज से महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
अमरोहा। हसनपुर,अमृत विचार। इलाज के दौरान झोलाछाप के गलत ब्लड चढ़ाने से महिला की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के सामने एंबुलेंस में शव रखकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी अस्पताल पहुंच गए और मृतका के परिजनों से वार्ता उन्हें …
अमरोहा। हसनपुर,अमृत विचार। इलाज के दौरान झोलाछाप के गलत ब्लड चढ़ाने से महिला की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के सामने एंबुलेंस में शव रखकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी अस्पताल पहुंच गए और मृतका के परिजनों से वार्ता उन्हें शांत कराया। इस दौरान पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव खुशहपुर निवासी कन्हैया की पत्नी मालवती (25) को डिलीवरी के लिए रहरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन, वहां से एक महिला चिकित्सक के द्वारा हसनपुर के रहरा अड्डे पर एक झोलाछाप के यहां ले आई और 3 अगस्त को महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। 6 अगस्त को झोलाछाप ने महिला को ब्लड चढ़ाया तो महिला की हालत बिगड़ गई।
इस पर झोलाछाप महिला को मेरठ के लिए ले गया। लेकिन, महिला ने शुक्रवार की रात रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। गुस्साए परिजनों ने एंबुलेंस में शव रखकर अस्पताल के सामने खड़ी कर दी और हंगामा किया। हंगामा होने की सूचना पर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से वार्ता की।
जैसे ही कोतवाली पुलिस को हंगामे की सूचना मिली तो प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंच गए। सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों में समझौता हो गया है और बिना किसी कानूनी कार्यवाही के परिजन मृतका के शव घर ले गए। नगर में पहले भी झोलाछापों के इलाज से कई मौतें हो चुकी हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
देर रात अस्पताल पर हंगामा होने की सूचना मिली थी। पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। लेकिन मृतका के परिजनों द्वारा कोई भी तहरीर नहीं दी गई है। अगर तहरीर आती हैं तो आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी।
