रुद्रपुर: चार माह में सबको वैक्सीन लगाने के सीएम के दावे को लग रहा पलीता
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिले में आए दिन आ रही वैक्सीन की कमी की समस्या टीकाकरण पर बार-बार अंकुश लगा रही है। इसके चलते शनिवार को बेहद धीमा रहा टीकाकरण रविवार को एक बार फिर से रुक सकता है। ऐसे में नवनियुक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार माह में सभी को टीका लगाए जाने के …
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिले में आए दिन आ रही वैक्सीन की कमी की समस्या टीकाकरण पर बार-बार अंकुश लगा रही है। इसके चलते शनिवार को बेहद धीमा रहा टीकाकरण रविवार को एक बार फिर से रुक सकता है। ऐसे में नवनियुक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार माह में सभी को टीका लगाए जाने के दावे पर सवालिया निशान लग सकता है।
जिले में टीकाकरण के लिए प्रतिदिन करीब 50 हजार वैक्सीन की डोज की आवश्यकता है। लेकिन शनिवार को सिर्फ 30 हजार डोज ही स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराई गईं। वैक्सीन की यह डोज अधिकतर टीकाकरण केंद्रों पर शनिवार दोपहर तक खत्म हो चुकी थी।
जून के आरंभ से ही टीकाकरण पर कई बार ब्रेक लग चुका है। योग दिवस से कुछ दिनों तक वैक्सीनेशन में तेजी आई जो एक सप्ताह बाद फिर धीमी पड़ गई थी। इसके बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के नगर आगमन के बाद टीकाकरण में एक बार फिर तेजी देखने को मिली। सीएम ने नवंबर तक सभी को वैक्सीनेट किए जाने की बात कही थी। लेकिन वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए ये अभी दूर की कौड़ी साबित हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के पास सप्ताह में तीन दिन वैक्सीन की कमी रहती है और टीकाकरण के लिए आए लोगों को निराश लौटना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज टीकाकरण केंद्र को वैक्सीन की कमी के कारण केवल 400 वैक्सीन डोज ही उपलब्ध हो पाईं। जबकि केंद्र को प्रतिदिन एक हजार वैक्सीन की आवश्यकता है। एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि जिले में रोजाना 50 हजार वैक्सीन की आवश्यकता है। जबकि शनिवार को सिर्फ 30 हजार वैक्सीन ही विभाग की मिली। इसके चलते शनिवार दोपहर तक अधिकांश केंद्रों पर वैक्सीन दोपहर बीतते तक खत्म हो गई। डॉ. मलिक के मुताबिक वैक्सीन की कमी को दूर करने का प्रयास विभाग द्वारा लगातार किया जा रहा है।
