बरेली: घबराएं नहीं तीसरी लहर आने पर जिले में मिलेगा समुचित इलाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों की सांसों पर संकट आ गया। अस्पतालों में उन्हें बेड, ऑक्सीजन व वेंटिलेटर तक नहीं मिल पाए। परिजन को अपने मरीजों को लेकर एक से दूसरे अस्पताल तक चक्कर काटे। वहीं अब अगस्त में तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों की सांसों पर संकट आ गया। अस्पतालों में उन्हें बेड, ऑक्सीजन व वेंटिलेटर तक नहीं मिल पाए। परिजन को अपने मरीजों को लेकर एक से दूसरे अस्पताल तक चक्कर काटे। वहीं अब अगस्त में तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक तीसरी लहर में बच्‍चों पर ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में सभी लोगों के जेहन में बस एक ही सवाल है कि क्या इस बार पहले जैसे हालात नहीं होंगे? इस बारे में अमृत विचार ने नए सीएमओ डा. बलवीर सिंह से तीसरी लहर की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

स्वास्थ्य विभाग तीसरी लहर से लड़ने के लिए कितना तैयार है? संक्रमण ने घातक रूप लिया तो सबको उपचार कैसे मिलेगा? गंभीर मरीजों के लिए क्या व्यवस्थाएं रहेंगी? चिकित्सक व स्टाफ की कमी से कैसे विभाग निपटेगा। बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं? इस सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए सीएमओ डॉ. सिंह ने आश्वस्त किया कि इस बार भी निजी कोविड केयर सेंटर बनाए जाएंगे, लेकिन मरीजों को सरकारी कोविड केयर सेंटरों में ही समुचित इलाज मिल जाएगा।

2000 बेड की क्षमता
सीएमओ डा. सिंह ने बताया कि इस बार किसी मरीज को सरकारी अस्पताल से लौटने की नौबत नहीं आए, ऐसा हमारा प्रयास होगा। पिछली बार करीब 1600 बेड के निजी व सरकारी कोविड सेंटर बनाए गए थे। फिलहाल संक्रमण खत्म होने के कारण ये सेंटर सक्रिय नहीं है, लेकिन तीसरी लहर के दस्तक देते ही सभी को एक-एक कर सक्रिय किया जाएगा। इसमें निजी मेडिकल कॉलेजों में 100-100 बेड, जिला अस्पताल में 50 बेड का पीडियाट्रिक आईसीयू बनकर तैयार है।

इस बार हमारी कोशिश ज्यादा से ज्यादा सरकारी कोविड सेंटर बनाने की है। लेवल-टू के सेंटर बढ़ाए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज में पिछली बार की तरह लेवल-टू की सुविधाएं मिली थीं। इस बार उन्हें लेवल थ्री में बदलने का प्रयास होगा। इस बार सामान्य मरीजों के लिए भी सेवाएं खुली रखने की तैयारी है।

इस बार ऑक्सीजन की सप्लाई पर्याप्त व्यवस्था रहेगी
सीएमओ ने बताया कि जिला महिला अस्पताल, 300बेड अस्पताल समेत छह ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं। इनकी कुल क्षमता छह हजार लीटर प्रति मिनट से अधिक होगी। ऑक्सीजन सिलेंडर भी पहले से दोगुनी मात्रा में उपलब्ध हैं। जरूरत हुई तो नए वेंटिलेटर भी खरीदे जाएंगे। सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है। सरकार से निर्देश मिलते ही जरूरत की दवाएं खरीद ली जाएंगी।

कोरोना की तीसरी लहर से मुकाबला करने के लिए सीएमओ ने जनसमुदाय व समूहों से भी सतर्क, सजग और सावधान रहने की अपील की है। लोगों से अपील की कि वे स्वयं टीका लगवाए साथ ही अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। सामाजिक संगठन से लोगों के टीकाकरण, मास्क का इस्तेमाल व शारीरिक दूरी के प्रति जागरूक करने की मुहिम चलाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें-

बरेली: रिजल्ट से असंतुष्ट छात्र परीक्षा में शामिल होने के लिए दे सकते हैं आवेदन

संबंधित समाचार