बाजपुर: दरोगा समेत पांच के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। एक महिला ने बहू के मायके वालों व दारोगा पर पति को परेशान करने व इससे क्षुब्ध होकर पति द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है जिसमें पुलिस ने तहरीर में नामजद उप्र के दरोगा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम खुशालपुर थाना …

बाजपुर, अमृत विचार। एक महिला ने बहू के मायके वालों व दारोगा पर पति को परेशान करने व इससे क्षुब्ध होकर पति द्वारा आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है जिसमें पुलिस ने तहरीर में नामजद उप्र के दरोगा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

ग्राम खुशालपुर थाना मझोला जिला मुरादाबाद (उप्र) निवासी पिंकी शर्मा पत्नी स्व. योगेश शर्मा ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर कहा है कि उसके पति योगेश शर्मा बाजपुर स्थित पॉलीप्लेक्स कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के आवासीय कॉलोनी में रहते थे। आरोप है कि उसकी बहू पूजा द्वारा अपने भाई रिंकू व पिता नत्थूराम के साथ मिलकर परिवार पर दहेज, मारपीट व छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करवाया था और एक षडयंत्र के तहत मीनाक्षी, सुरेश, राम सिंह, जगराम ने उसके पति को पुलिस चौकी खुशालपुर थाना मझोला में तैनात दारोगा नागेंद्र के माध्यम से दर्ज मुकदमे में धारा हटवाने और जेल का डर दिखाकर ब्लैकमेल करके 80 हजार रुपये ऐंठ लिए।

बताया कि आरोपी और पैसों की मांग कर पति का लगातार मानसिक उत्पीड़न करने लगे। उसके पति ने यह बात उसे बताई थी जिस पर उसने अपने पति को किसी को पैसे नहीं देने और न्यायालय पर भरोसा करने को समझाया था। लेकिन लगातार आरोपियों की ओर से दबाव बनाए जाने से क्षुब्ध होकर योगेश ने पॉलीप्लेक्स कंपनी के कंपाउंड के अंदर अपने आवास में आत्महत्या कर ली।

जिसकी सूचना सहकर्मी द्वारा मृतक के परिवार को फोन से दी है। पिंकी ने अपने पति योगेश शर्मा की मौत के लिए मीनाक्षी, सुरेश, राम सिंह, जगराम व दरोगा नागेंद्र यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। साथ ही पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद पांच लोगों के खिलाफ धारा 306 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार