हल्द्वानी: हेड कांस्टेबल के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। टीपी नगर चौकी क्षेत्र में श्यामा गार्डन के पास सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल के जवान बेटे की मौत हो गई। मृतक के पिता हेम चन्द्र जोशी मल्लीताल थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। इकलौते चिराग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा …

हल्द्वानी, अमृत विचार। टीपी नगर चौकी क्षेत्र में श्यामा गार्डन के पास सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल के जवान बेटे की मौत हो गई। मृतक के पिता हेम चन्द्र जोशी मल्लीताल थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। इकलौते चिराग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। हादसे के बाद महकमे में भी शोक है।

पीलीकोठी मां बाराही कॉलोनी देवेंद्रपुरी निवासी मयंक (20) शनिवार की देर शाम टीपी नगर चौराहा-महर्षि स्कूल रोड से बाइक पर घर की ओर जा रहा था। इस दौरान श्यामा गार्डन के पास उसकी बाइक सड़क पर खड़ी गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।

इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 एम्बुलेंस की मदद से एसटीएच भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संबंधियों ने बताया कि मयंक 12वीं पास करने के बाद दिल्ली में कोचिंग कर रहा था। इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। पिता पदोन्नति के बाद पीटीसी में ट्रेनिंग कर रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही वह यहां के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, मेडिकल चौकी प्रभारी मनवर सिंह बिष्ट ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार सड़क पर आवारा घूम रहे पशु के कारण हादसा हुआ।

सड़क पर घूम रहे आवारा पशु बने मौत का सबब
हल्द्वानी। सड़क पर आवारा घूम रहे पशु मौत का सबब बने हैं। इससे पहले भी सड़क पर आवारा पशुओं के चलते सड़क हादसे हो चुके हैं। लोग की समस्या के खिलाफ आवाज भी उठा रहे हैं। अमृत विचार ने पिछले दिनों इस संबंध में फोटो और विवरण प्रकाशित कर हादसे की आशंका जताई थी। लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

 

संबंधित समाचार