अल्मोड़ा: टहलने निकले थे, ट्रक कुचल गया…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौखुटिया के जमणिया के पास सैर पर निकले एसबीआई के सुरक्षा गार्ड को एक ट्रक ने कुचल डाला। हादसे में सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौखुटिया के जमणिया के पास सैर पर निकले एसबीआई के सुरक्षा गार्ड को एक ट्रक ने कुचल डाला। हादसे में सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया। बैंक गार्ड के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

भारतीय स्टेट बैंक चौखुटिया में कार्यरत सुरक्षा गार्ड महेंद्र थापा (45) पुत्र किशन सिंह थापा निवासी देहरादून बुधवार की सुबह रोज की तरह करीब पांच बजे के आसपास अपने कमरे से सैर के लिए निकले। वह चौखुटिया-पांडुवाखाल मार्ग पर जमणिया के पास पहुंचे ही थे कि रामनगर से गैरसैंण की ओर जा रहे एक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और वह ट्रक के टायरों की चपेट में आ गए।

गंभीर रूप से कुचल चुके सुरक्षा गार्ड महेंद्र थापा ने कुछ ही देर में मौके पर ही दम तोड़ दिया। आनन फानन में आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना तहसील और थाने में दी। घटना स्थल के राजस्व क्षेत्र में होने के कारण राजस्व उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ किराए का कमरा लेकर यहां रहता था। महेंद्र को प्रतिदिन सुबह घूमने की आदत थी। लेकिन आज जब वह रोज की तरह सैर पर निकले तो उनके साथ यह हादसा हो गया। इधर घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। राजस्व विभाग की टीम उसकी खोजबीन कर रही है।

संबंधित समाचार