बागेश्वर पुलिस का दुश्मन बना सांड, खाकी देखते ही करता है हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। अपराधी जिस खाकी को देख कर थर-थर कांपते हैं आज-कल वही खाकी खौफ में है। खौफ किसी अपराधी का नहीं बल्कि एक सांड का है। ये वो सांड है जिस पर एक पुलिस वाले ने परोपकार दिखाया, लेकिन परोपकार अब पुलिस वालों को ही भारी पड़ रहा है। आलम ये है कि खाकी …

बागेश्वर, अमृत विचार। अपराधी जिस खाकी को देख कर थर-थर कांपते हैं आज-कल वही खाकी खौफ में है। खौफ किसी अपराधी का नहीं बल्कि एक सांड का है। ये वो सांड है जिस पर एक पुलिस वाले ने परोपकार दिखाया, लेकिन परोपकार अब पुलिस वालों को ही भारी पड़ रहा है। आलम ये है कि खाकी वर्दी देखते ही सांड पुलिस वालों पर हमला कर देता है।

इसकी वजह है सांड वो जख्म जो सड़ रहा था और एक पुलिस वाले दया दिखा कर जख्म पर मरहम लगा दिया। मरहम से जख्म में जलन हुई और उसी दिन से सांड खाकी वर्दी को देख कर भड़क जाता है।

बागनाथ नगरी में पूर्व में सांड चढ़ाना धार्मिक मान्यताओं में माना जाता था। अब यहां प्रथा कम हो गई है। नगर व आसपास के इलाकों में लंबे समय से आवारा जानवरों का आतंक परेशानी का सबब बना रहता है। समय-समय पर नगर पालिका जानवरों को गौ सदन भेजती रहती है। इन दिनों नगर में सांड का आतंक बना हुआ है। इनसे जहां राहगीरों, दोपहिया वाहनों को हमेशा खतरा बना रहता है, वहीं कई बार नगर में जाम लगने का प्रमुख कारण सांड ही होते हैं। इधर, इन दिनों एक सांड पुलिस कर्मियों का दुश्मन बना हुआ है। यह सांड खाकी को देखकर ही भौं चढ़ा लेता है। कई बार उन पर हमले को उतारू हो जाता है। इस सांड को देखते ही खाकी के जवान घबरा जाते हैं। गत दिवस दुग बाजार में शाम के समय गश्त कर रहे एक पुलिस के जवान पर अचानक सांड ने हमला कर दिया। जिसे समय रहते दूसरे साथी ने देख लिया और जवान को खींचकर सांड से बचा लिया। खतरे को देखते हुए स्थानीय जनता ने नगर पालिका से आवारा जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

ऐसे हुई सांड और खाकी की दुश्मनी
सांड की खाकी से नाराजगी की वजह यह है कि विगत दिनों इस सांड के पीठ में चोट लगी थी। इलाज के अभाव में सांड के जख्म पर कीड़े लग गए थे। जिसे एक पुलिस के जवान ने देखा तो उसका दिल पसीज गया। पुलिस वाले ने सांड के घाव पर दवा छिड़क दी। जिससे कुछ देर तक उसे जलन हो गई। इसके बाद सांड का घाव तो सही हो गया, परंतु उस दिन सांड खाकी का दुश्मन बन गया।

जानवरों को बाजार में छोड़ने वालों के खिलाफ पालिका कारवाई करती रही है। शीघ्र ही नगर में घूमने वाले आवारा जानवरों को पकड़कर गौ सदन भेजने की कार्रवाई की जाएगी।- सुरेश खेतवाल, अध्यक्ष नगर पालिका बागेश्वर 

संबंधित समाचार